संवाददाता: रेखा प्रजापति
Ranchi:- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के मद्देनजर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा निरंतर और योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कॉलोनियों एवं घरों के पीछे स्थित बैकलेन्स (गलियों) की सफाई को एक प्रमुख फोकस क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है. ताकि शहरी क्षेत्रों में विजिबल क्लीनलीनेस में ठोस सुधार लाया जा सके।

इस विशेष अभियान के अंतर्गत बैकलेन्स में नियमित रूप से झाडू लगाने, नालियों की समुचित सफाई, कूड़ा-कचरा उठाव, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा सौंदर्गीकरण का कार्य किया जा रहा है। लंबे समय से उपेक्षित एवं गंदगी से प्रभावित गलियों को अब जीरो टॉलरेंस जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती से नियंत्रण किया जा सके और बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित हो।

प्रशासक महोदय के निर्देशानुसार नगर निगम के सभी वार्डों में फ्रंटलेन के साथ-साथ बैकलेन्स पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वच्छता टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन बैकलेन्स की स्थिति की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की गंदगी, जलजमाव या अवैध कचरा डंपिंग पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इसी कड़ी में आज रांची नगर निगम क्षेत्रांतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में बैकलेन्स की सफाई हेतु विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें कुसई कॉलोनी, बर्धमान कंपाउंड, हरमू हाउसिंग कॉलोनी, जयप्रकाश नगर, कुंज बिहारी कॉलोनी, लाजपत नगर, देवी मंडप रोड, मधुकम, तिरिल, तारा बाबू लेन, चुटिया इत्यादि क्षेत्रों में झाडू, नालियों की सफाई, कूड़े का उठाव, ब्लीचिंग पाउडर एवं एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया। यह अभियान पूरे शहर में लगातार चलाया जाएगा।
रांची नगर निगम का यह प्रयास न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शहर की रैंकिंग सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्वच्छ बैकलेन्स से मच्छरजनित एवं अन्य बीमारियों पर रोक लगेगी तथा नागरिकों को एक स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा।
