गणतंत्र दिवस पर राँची में बदलेगी यातायात व्यवस्था, सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों की नो-एंट्री

The Ranchi News
2 Min Read

संवाददाता: रेखा प्रजापति

 राँची: 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर राँची शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। यह समारोह प्रातः 9 बजे माननीय राज्यपाल के आगमन के साथ प्रारंभ होगा। सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक, यातायात राँची द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार 26 जनवरी को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक राँची शहरी क्षेत्र में बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शहर की ओर आने वाले बड़े वाहन केवल निर्धारित मार्गों पर तय किए गए स्थानों तक ही आ सकेंगे। इनमें कांके, गुमला, सिमडेगा, जमशेदपुर, खूंटी, चाईबासा, पतरातु एवं रिंग रोड से आने वाले मार्ग शामिल हैं।

छोटे वाहनों का परिचालन शहर के अन्य मार्गों पर सामान्य रूप से जारी रहेगा, हालांकि मोरहाबादी मैदान के आसपास ड्रॉप गेट एवं पार्किंग स्थलों पर विशेष नियंत्रण रहेगा।

गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले माननीय राज्यपाल, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, सांसद, विधायक एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए एटीआई मोड़, सिद्धू कान्हू पार्क, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय मोड़ होते हुए वीवीआईपी प्रवेश द्वार तक विशेष मार्ग निर्धारित किया गया है।

समारोह में आने वाले अतिथियों, पदाधिकारियों, मीडिया कर्मियों एवं पासधारी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। वहीं उपायुक्त आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक तथा राँची कॉलेज मोड़ से वीवीआईपी गेट तक किसी भी प्रकार की पार्किंग पूरी तरह वर्जित रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस कर्मियों को सहयोग प्रदान करें, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *