आकाश रंजन (संवाददाता)
राँची:- राँची शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए ट्रैफिक एसपी द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। जरूरत के अनुसार विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक जवानों की तैनाती की जा रही है, खासकर दोपहर के समय जब ट्रैफिक की स्थिति काफी खराब हो जाती है और यातायात प्रभावित होता है।
दोपहर में ट्रैफिक जाम की एक बड़ी वजह स्कूल बसों की आवाजाही मानी जा रही है। फिरायलाल चौक, हरमू रोड, मेन रोड, कांटाटोली, पुरुलिया रोड और कांके रोड जैसे इलाकों में इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है।
वहीं सुबह के समय रातू रोड फ्लाइओवर से लेकर कचहरी चौक तक जाम की गंभीर समस्या बनी रहती है। ऑफिस जाने वाले लोग, छात्र और आम नागरिक रोजाना इस जाम से जूझते नजर आते हैं। पीक ऑवर्स में वाहनों का अधिक दबाव, गलत लेन में चलना, बस-ऑटो का सड़क पर रुकना और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी जाम की मुख्य वजहें हैं।

ट्रैफ़िक एसपी राकेश सिंह
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि केवल पुलिस व्यवस्था से ही ट्रैफिक को पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया जा सकता। आम लोगों की लापरवाही भी ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ रही है। यदि लोग सही लेन में वाहन चलाएं, नियमों का पालन करें और धैर्य बनाए रखें, तो शहर में यातायात काफी हद तक सुचारु हो सकता है।
ट्रैफ़िक एसपी राकेश सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक बनें और सहयोग करें, ताकि राँची की सड़कों पर सफर सुरक्षित और आरामदेह हो सके।
