सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, दो डस्टबिन रखना अनिवार्य

The Ranchi News
3 Min Read

संवाददाता: रेखा प्रजापति

रांची: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा रांची को पूर्णतः कूड़ा मुक्त शहर बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 11.02.2026 को अपर प्रशासक श्री संजय कुमार की अध्यक्षता में स्वच्छता शाखा की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में बढ़ती अव्यवस्थित कूड़ा निस्तारण की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई तथा इसे रोकने के लिए सख्त एवं ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

अपर प्रशासक ने स्पष्ट शब्दों में निर्देशित किया कि शहर में किसी भी स्थान पर खुले में कूड़ा फेंकने, सड़क किनारे अवैध रूप से कूड़ा डंप करने, नालियों में घरेलू अथवा व्यावसायिक अपशिष्ट डालने तथा निर्माण अपशिष्ट अनधिकृत स्थानों पर फेंकने वालों के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अब चेतावनी का दौर समाप्त हो चुका है और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

> बैठक में निर्देश दिया गया कि स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से पूरे शहर में सतत निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों एवं तकनीकी माध्यमों से गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों की पहचान कर उन पर तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

> अपर प्रशासक ने स्वच्छता शाखा की टीम को निर्देश दिया कि नियम उल्लंघन करने वालों को चिन्हित करते हुए नियमित रूप से अभियान चलाया जाए और की गई कार्रवाई की प्रतिदिन समीक्षा की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।

➤ इसके अतिरिक्त बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी आवासीय भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों एवं संस्थानों में कचरा पृथक्करण हेतु दो डस्टबिन (हरा गीला कचरा, नीला सूखा कचरा) अनिवार्य रूप से रखा जाए। इसके अनुपालन हेतु विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। जिन प्रतिष्ठानों में दो डस्टबिन नहीं पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

> अपर प्रशासक ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि सम्मानित नागरिकों को शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव, नालियों की सफाई या स्वच्छता से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत हो, तो वे सीधे अपर प्रशासक महोदय से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों के प्रति जवाबदेह है तथा स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के निर्माण में आमजन की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

> अपर प्रशासक ने सभी सम्मानित नागरिकों से अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों का पालन करने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक तथा स्वच्छता शाखा के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *