राँची:- आज दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, अबुआ आवास योजना, PM-JANMAN आवास योजना एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के राज्य स्तरीय कर्मी संघ के जिला प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह से उनके आवासीय कार्यालय में मुलाकात की।
इस दौरान राज्य ग्रामीण आवास योजना कर्मी संघ ने माननीय मंत्री महोदया को अपनी मांग से संबंधित एक मांगपत्र सौंपा। संघ के प्रतिनिधियों ने मंत्री महोदया से आग्रह किया कि कर्मी एवं पदाधिकारियों के मासिक मानदेय में वृद्धि की जाए, क्योंकि वर्ष 2016-17, 2017-18 एवं 2018-19 के दौरान नियुक्त कर्मियों के मानदेय में आज तक कोई वृद्धि नहीं हुई है।
संघ ने बताया कि महंगाई के इस दौर में आवास योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर रहे कर्मी अत्यंत अल्प मानदेय पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने वित्त विभाग के संकल्प के आलोक में संविदा कर्मियों के मानदेय में यथोचित वृद्धि की मांग की।
माननीय मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने संघ की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मांगों पर न्यायोचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
