रांची पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को नशीले पदार्थ बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है.

The Ranchi News
4 Min Read

रांची: – राजधानी रांची में नशे के कारोबारी अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं. मादक पदार्थ की बिक्री के लिए बकायदा दुकान भी खोल ली गई है. रांची के बरियातू इलाके में पुलिस के द्वारा की गई रेड में इस बात का खुलासा किया गया है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

महिला सहित दो गिरफ्तार, डेढ़ केजी गांजा बरामद

रांची के बरियातू इलाके में बेहद शातिराना अंदाज में गांजा की बिक्री की जा रही थी. गांजे का कारोबार बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी की रहने वाली ममता सिंह के द्वारा संचालित किया जा रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर रांची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ममता सिंह और उसके एक अन्य साथी यादव को गिरफ्तार किया है. दोनों की गिरफ्तारी शुक्रवार की रात छापेमारी कर की गई. मौके से पुलिस ने डेढ़ किलो से ज्यादा गांजा भी बरामद किया है.

महिला ने खोल रखा था गांजे का काउंटर

दरअसल, बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार को यह सूचना मिली थी कि बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी में रहने वाली महिला ममता बेहद शातिराना तरीके से मादक पदार्थों का कारोबार कर रही है. जानकारी पुख्ता होने पर पुलिस ने अपना जाल बिछाया, ममता की एक्टिविटी पर नजर रखी जाने लगी. मामले की तफ्तीश में लगी पुलिस टीम ने देखा कि ममता सिंह गांजे का कारोबार अपनी दुकान के अंदर से ही बैठकर कर रही है. जो लोग भी गांजा खरीदने के लिए आते हैं वह पैसे का भुगतान ऑनलाइन करते थे.

बाहर फेंका हुआ गांजा भी बरामद

ऑनलाइन भुगतान के लिए दुकान के काउंटर पर बकायदा स्कैनर लगा कर रखा था. शुक्रवार की रात भी काफी मात्रा में गांजा दुकान में होने की सूचना पुलिस को मिली जिसके बाद ममता की दुकान में रेड किया गया. मौके से ममता सिंह और उसका एक अन्य स्टाफ यादव गांजे के साथ रंगे हाथ पकड़े गए. पुलिस की टीम ने जब छापेमारी की तो ममता सिंह के स्टाफ ने गांजे को छत से बाहर फेंकने की कोशिश की लेकिन पुलिस घर के बाहरी वाले हिस्से में भी मौजूद थी, जिसकी वजह से फेंका हुआ गांजा भी बरामद कर लिया गया.

वरीय अधिकारियों से मिली सूचना के आधार पर छापेमारी कर ममता सिंह सहित दो को गिरफ्तार किया गया है. ममता सिंह बड़े ही शातिराना अंदाजमें मादक पदार्थों का कारोबार कर रही थी. इस गोरखधंधे में ममता सिंह का पति भी उसका साथ देता था, हालांकि वह फिलहाल फरार चल रहा है. गांजा खरीदने वाले लोग पैसे का भुगतान स्कैनर के जरिए किया करते थे जो सीधे ममता सिंह के खाते में जाते थे. ममता सिंह के बैंक खाते की जांच केलिए बैंक से भी संपर्क किया गया है.’ मनोज कुमार, बरियातू थाना प्रभारी

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *