रांची: रांची नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं जाम मुक्त बनाए रखने हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत शहर के सभी मुख्य मार्गों, कनेक्टिंग सड़कों तथा पथों के टर्निंग पॉइंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
> इसी क्रम में आज दिनांक 08.10.2025 को प्रशासक महोदय के निर्देशानुसार वार्ड संख्या 29. पहाड़ी टोला दृ गाड़ीखाना चौक मार्ग पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान मार्ग अवरोध उत्पन्न करने वाले अवैध दुकानों एवं अतिक्रमणों को रांची नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम द्वारा पूर्णतः हटाया गया।
> कार्रवाई के दौरान राजकीयकृत हिन्दी बालक मध्य विद्यालय, पहाड़ी टोला की बाउंड्री वॉल से सटे 06 अवैध दुकानों एवं अन्य अस्थाई संरचनाओं को तोड़कर हटाया गया।
> साथ ही मुख्य मार्ग पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले दो ट्रकों के विरुद्ध ₹10,000 प्रति ट्रक का जुर्माना लगाया गया तथा भविष्य में सड़क पर पार्क न करने हेतु सख्त चेतावनी दी गई।
> गौरतलब है कि पूर्व में निगम द्वारा संबंधित दुकानदारों को स्वतः अतिक्रमण हटाने हेतु निर्देश दिया गया था, किंतु अनुपालन न किए जाने पर यह कार्रवाई की गई।
रांची नगर निगम द्वारा शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी मालवाहक वाहनों को यह सख्त निर्देश दिया जाता है कि लोडिंग एवं अनलोडिंग का कार्य केवल रात 12:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे के बीच ही किया जाए। निर्धारित समयावधि के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की लोडिंग/अनलोडिंग गतिविधि पाए जाने पर संबंधित वाहन संचालक एवं मालिक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निगम सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं वाहन चालकों से अपील करता है कि निर्धारित वाहन पड़ाव स्थलों पर ही अपने वाहनों को पार्क करें एवं शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं जाम मुक्त बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
