रांची नगर निगम प्रशासक ने किया शहर का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और वेंडिंग जोन विकसित करने के दिए निर्देश

The Ranchi News
4 Min Read

रांची: रांची नगर निगम क्षेत्रांतर्गत वेंडर्स को व्यवस्थित करने हेतु वेंडिंग जोन विकसित करने, शहर की साफ सफाई व अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करने के उद्देश्य से आज दिनांक 23.08.2025 को प्रशासक श्री सुशांत गौरव के द्वारा निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण व निरीक्षण किया गया एवं पदाधिकारियों को उचित कार्रवाई करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए-

मोराबादी एमटीएस के समीप

➤ मोराबादी स्थित एमटीएस के निरीक्षण क्रम में सभी कंडम वाहनों को यथाशीघ्र हटाने का निर्देश दिया गया।

> एमटीएस के विपरीत सड़क को पाथवे के रूप में विकसित करते हुए पेवर लगाने का कार्य करने का निर्देश दिया गया।

> एमटीएस के आस-पास के खाली कराए गए अतिक्रमण क्षेत्र को घेराबंदी करने का निर्देश दिया गया।

मोराबादी लेबर चौक-

> मोराबादी स्थित हरिहर सिंह पथ के समीप क्षेत्र को लेबर चौक के रूप में विकसित करने हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया, जिसमें रांची नगर निगम क्षेत्रांतर्गत दिहाड़ी करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से एकत्रित मजदूरों के लिए यथासंभव शेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

➤ करमटोली चौक से अंतू चौक से बोरिया तक मुख्य मार्ग पर विशेष अभियान चलाते हुए अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।

बरियातू पहाड़-

> बरियातू पहाड़ के समक्ष मैदान के एक भाग को वेंडिंग जोन में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।

> बरियातू पहाड़ के आस-पास के क्षेत्र में सघन अभियान चलाते हुए अतिक्रमणकारियों को चिन्हित करने एवं अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाने हेतु सभी सहायक प्रशासक के स्तर से टीम का गठन करने का निर्देश दिया गया। जिसके तहत् आस पास के क्षेत्र के सभी भवनों की जांच, अस्थाई संरचनाओं को हटाना, पहाड़ पर कब्जा एवं अन्य जांच की जायेगी।

> निगम की भूमि को चिन्हित करते हुए साइन बोर्ड अधिष्ठापित करने का निर्देश दिया गया।

सुरेंद्रनाथ स्कूल के समीप-

> सुरेंद्रनाथ स्कूल के समीप प्रस्तावित वेंडिंग जोन के कार्य में गति देते हुए जल्द प्राक्कलन तैयार करे एवं निर्माण कार्य प्रारंभ करें।

➤ उनके द्वारा सुरेंद्रनाथ के समीप निर्माणाधीन भवन की जांच करने हेतु नगर निवेशक शाखा को निर्देश दिया गया एवं दुर्घटना होने की संभावना होने पर निर्माण कार्य को रोकने व सीलबंदी करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

लोयला मैदान, पुरुलिया रोड-

▶ उनके द्वारा पुरुलिया रोड स्थित लोयला मैदान के समीप वेंडिंग जोन विकसित करने हेतु जल्द प्रस्ताव तैयार करते हुए कार्य को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया गया।

> साथ ही सर्जना चौक से पुरुलिया रोड होते हुए डंगराटोली एवं कांटाटोली तक रोड के दोनों ओर सघन अभियान चलाते हुए अतिक्रमण मुक्त करे।

सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर-

> निरीक्षण क्रम में प्रशासक के द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को शहर की साफ-सफाई पर प्राथमिकता के साथ विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उनके द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि सभी सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक एवं वार्ड सुपरवाइजर अपने अपने क्षेत्र का 24X7 पर्यवेक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करे। साथ ही लगातार हो रहे वर्षों के मद्देनजर सभी जल जमाव वाले क्रिटिकल जोन पर नजर रखते हुए उचित कार्रवाई करे।

क्षेत्र भ्रमण दल में, सहायक प्रशासक श्री चंद्रदीप कुमार, नगर अभियान प्रबंधक एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *