रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक

The Ranchi News
5 Min Read

रांची: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री द्वारा आज दिनांक 16.05.2025 को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गये।

*अबुआ साथी एवं अबुआ ग्रुप्स की मॉनिटरिंग कर प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान करें – उपायुक्त, मंजूनाथ भजंत्री*

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में अबुआ साथी (9430328080) एवं अबुआ ग्रुप्स की मॉनिटरिंग कर प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश पदाधिकारियों को दिये। उन्होंने नोडल पदाधिकारी को प्रत्येक सप्ताह अबुआ साथी में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि अबुआ ग्रुप्स में आंगनबाड़ी केन्द्रों और स्कूल के संचालन में अनियमितता की शिकायत आती है तो फौरन उचित कार्रवाई करें।

*मंईयां सम्मान योजना के शेष लाभुकों की आधार सीडिंग का निर्देश*

बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करते हुए योजना का बेहतर कार्यान्वयन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। रांची जिला में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों की आधार सीडिंग की समीक्षा उपायुक्त द्वारा की गयी। सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा द्वारा बताया गया कि विगत दिनों जिला में पंचायत स्तर पर लगाये गये आधार सीडिंग कैंप के बाद 1.15 लाख लाभुकों का उनके खाते से आधार सीडिंग किया जा चुका है। चूंकि अप्रैल माह से विभागीय निदेश के आलोक में योजना अंतर्गत लाभुकों को आधार बेस्ड पेमेंट किया जाना है, इस पर उपायुक्त द्वारा शेष लाभुकों की यथाशीघ्र आधार सीडिंग का निदेश एडीएसएस को दिया गया। जिन लाभुकों को सत्यापन प्रपत्र नहीं मिल पाया है उन्हंे सीडीपीओ एवं सेविका के माध्यम से उपलब्ध कराने का निर्देश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया गया।

*साफ-सफाई, पेयजल एवं पार्किंग और बेहतर करने के निर्देश*

उपायुक्त द्वारा समाहणालय के दोनों ब्लॉक में और बेहतर साफ-सफाई के निर्देश दिये गये। उन्होंने नोडल पदाधिकारी को कहा कि पार्किंग से लेकर छत तक साफ-सफाई सुनिश्चित करें। पार्किंग में अनावश्क वाहन पार्क न हो इसे भी सुनिश्चित करने का निर्देश उपायुक्त द्वारा दिया गया। उपायुक्त द्वारा नगर निगम के प्रतिनिधि को शहर में साफ सफाई से संबंधित पीपीटी देने को कहा गया, उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए लोगों को जागरुक करें और शिड्यूल उपलब्ध करायें ताकि सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा सके।

*‘‘ आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें

उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पदाधिकारी आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करें, किसी भी स्थिति में अभद्र व्यवहार नहीं होना चाहिए। आम नागरिक समस्या लेकर आएं तो संवेदनशीलता के साथ उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि कार्यालय प्रधान यह सुनिश्चित करें कि यदि कोई समस्या लेकर आएं तो उन्हें सही तरीके से जानकारी उपलब्ध कराएं कि उनकी समस्या किस विभाग से संबंधित है और उसका समाधान किस प्रकार से होगा।

*‘‘ आइडेंटिटी कार्ड को ऑन डिस्प्ले रखें सभी पदाधिकारी/कर्मचारी ’’*

उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय में पेशेवर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सभी पदाधिकारी/कर्मी आवश्यक रुप से अपना नाम एवं पदनाम युक्त आइडेंटिटी कार्ड धारण करने को कहा। उन्होंने कहा कि इसकी जांच के लिए स्क्वॉयड भी बनाया जायेगा। साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारी/कर्मी को अपने टेबल पर नाम एवं पदनाम का प्लेट रखना भी सुनिश्चित करने को कहा। शांति समिति के सदस्यों को पहचान पत्र एवं समिति में अन्य लोगों को जोड़ने का निर्देश भी उपायुक्त द्वारा अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) को दिया गया।

जिला में विभिन्न विकास एवं विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिये गये।

बैठक में उप विकास आयुक्त, रांची, अपर समाहर्त्ता, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) एसडीओ सदर सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि रांची नगर निगम उपस्थित थे।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *