राँची:- झारखण्ड-राज्य के शिक्षाविदों और उद्योग जगत के लिए गर्व का विषय है कि प्रो० (डॉ०) एस० पी० अग्रवाल, जो वर्तमान में कुलपति, साईं नाथ यूनिवर्सिटी, राँची के पद पर कार्यरत हैं, को पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI), झारखंड चैप्टर का चेयरमैन (Chairman) नियुक्त किया गया है। इससे पूर्व वे पीएचडीसीसीआई झारखण्ड के को-चेयर (Co-Chair) तथा साईं नाथ यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर (Pro Chancellor) के पद पर रह चुके हैं।
श्री मंतोष सिंह, वरिष्ठ रेजिडेंट निदेशक, PHDCCI, श्री राहुल कुमार लाल, रेजिडेंट अधिकारी, PHDCCI, डॉ० अभिषेक के० रामाधीन, ईएनटी विशेषज्ञ, राँची तथा श्री किशोर मंत्री, पूर्व अध्यक्ष, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रो. (डॉ.) अग्रवाल को नई जिम्मेदारी सँभालने पर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और नेतृत्व में झारखंड चैप्टर और अधिक सक्रिय, प्रभावशाली और परिणाममुखी बनेगा।
प्रो० अग्रवाल का शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव तीन दशकों से अधिक का रहा है। उन्होंने उच्च शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, अनुसंधान, नवाचार और उद्योग-शिक्षा सहयोग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में साईं नाथ यूनिवर्सिटी ने झारखण्ड में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
पीएचडीसीसीआई झारखंड चैप्टर में चेयरमैन के रूप में प्रो० अग्रवाल का कार्यकाल राज्य के औद्योगिक विकास, उद्यमिता संवर्धन, रोजगार सृजन और कौशल विकास को नई दिशा देगा। वे राज्य के उद्योग जगत, नीति निर्माताओं, विश्वविद्यालयों और निवेशकों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर प्रो० (डॉ०) अग्रवाल ने कहा- “यह मेरे लिए अत्यंत सम्मान और जिम्मेदारी का क्षण है। झारखण्ड अपार संभावनाओं वाला राज्य है- यहाँ के युवाओं में ऊर्जा, संसाधनों में विविधता और उद्योगों में संभावनाओं का अनंत भंडार है। मेरा प्रयास रहेगा कि पीएचडीसीसीआई के मंच से उद्योग, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में नए अवसरों का सृजन किया जा सके, ताकि झारखण्ड को आत्मनिर्भर और प्रगतिशील राज्य के रूप में स्थापित किया जा सके।”
हाल ही में पीएचडीसीसीआई झारखण्ड चैप्टर द्वारा आयोजित विभिन्न परिचर्चाओं और कार्यक्रमों में विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण, विस्थापन और खनन सुरक्षा (Mining Safety) जैसे ज्वलंत मुद्दों पर विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं के साथ सार्थक संवाद आयोजित किए गए। इन चर्चाओं की जानकारी राज्यपाल महोदय को भी दी गई, जिससे राज्य के सतत और संतुलित विकास के लिए रचनात्मक सुझाव सामने आए।
पीएचडी चौंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) एक प्रमुख राष्ट्रीय संस्था है जो 118 से अधिक वर्षों से भारत के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही है। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री अपने स्तर से विभिन्न आर्थिक सर्वेक्षण करवाता है साथ ही बजट के कारण औद्योगिक व आर्थिक जगत पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में अध्ययन करता है व सरकार को प्रभावी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिये जानकारी व सुझाव देता है। यह सरकार और उद्योगपतियों, व्यवसायियों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिये मंच/प्लेटफार्म के रूप में काम करता है।
