रांची: लोक आस्था, स्वच्छता और समर्पण के महापर्व छठ को लेकर राज्य सरकार व नगर विकास एवं आवास विभाग के निदेशानुसार तथा माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के मार्गदर्शन में रांची नगर निगम द्वारा आगामी छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियों प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम के प्रशासक श्री सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था और अनुशासन का उत्सव है। हमारा उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण मिले।”
प्रशासक ने हटनिया तालाब, कांके डैम, दिव्ययान तालाब एवं करमटोली तालाब का भौतिक निरीक्षण करते हुए सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ से पहले सभी तैयारियों शत-प्रतिशत पूरी हों।
निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश-
हटनिया तालाबः
घाट की सीढ़ियों की मरम्मती व रंग-रोगन शीघ्र पूर्ण करें।
दीपावली के बाद से छठ तक तालाब क्षेत्र में नो एंट्री लागू हो ताकि सफाई निर्बाध चले।
सुरक्षा हेतु तालाब की गहराई का आकलन कर बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग करें।
श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कांके डैम
संबंधित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता एवं जोनल सुपरवाइजर दैनिक निरीक्षण के साथ सफाई और सिविल वर्कस समय पर पूर्ण किए जाएं।
अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती के साथ फिटकरी और ब्लीचिंग का नियमित छिड़काव करें।
ग्रीन नेट बैरिकेडिंग और जलकुंभी की सफाई।
पूरे क्षेत्र से C&D वेस्ट एवं जलकुंभी के अवशेष हटाएं।
भीड़ का आकलन करते हुए बेहतर प्रबंधन हेतु पर्याप्त एकोमोडेशन सुनिश्चित करें।
समितियों के समन्वय से विशेष प्रकाश व्यवस्था एवं खराब पथ बत्तियों की मरम्मत कराएं।
दिव्ययान तालाब
सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता।
समितियों के साथ समन्वय कर चेंजिंग रूम और लाइटिंग की विशेष व्यवस्था।
लगातार ब्लीचिंग और फिटकरी का उपयोग कर जल की स्वच्छता बनाए रखें।
* करमटोली तालाब
विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।
अभियंत्रण शाखा सभी कार्य तय समय पर पूर्ण करे।
सुरक्षा बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम और प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान उप प्रशासक श्री रविंद्र कुमार, श्री गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक, अभियंतागण, जोनल सुपरवाइजर एवं वार्ड सुपरवाइजर भी उपस्थित रहे।
प्रशासक ने अंत में कहा
‘छठ महापर्व स्वच्छता और सामूहिकता का प्रतीक है। रांची नगर निगम का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु को घाटों पर वह अनुभव मिले जो छठ की आस्था के अनुरूप हो निर्मल जल, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित माहौल।”
निगम की अपील-
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, घाटों पर प्लास्टिक सामग्री का उपयोग न करें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन कर छठ महापर्व को सफल और पवित्र बनाएं।
