राँची:- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची को बड़ी सौगात देते हुए 3 प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की। इनमें अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़-चापू टोली तक एलिवेटेड और करमटोली-मोरहाबादी-साइंस सिटी फ्लाईओवर निर्माण शामिल हैं।
रांची को सौगात; 2 फ्लाईओवर और स्टेशन से एयरपोर्ट को जोड़ने वाली नई सड़क को मंजूरी
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची को बड़ी सौगात दी है। सीएम हेमंत सोरेन ने शनिवार को राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 3 प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की। इससे हाल में राजधानी को मिले तीन फ्लाईओवर निर्माण के निर्माण के बाद दो अन्य के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़-चापू टोली तक एलिवेटेड और करमटोली-मोरहाबादी-साइंस सिटी फ्लाईओवर निर्माण के लिए डीपीआर निर्माण की मंजूरी दे दी। साथ ही अधिकारियों को राज्य के अन्य शहरों में भी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए।
स्वीकृत परियोजनाओं में अरगोड़ा चौक-कथल मोड़-चापू टोली को जोड़ने वाला 1.75 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर, करमटोली से साइंस सिटी तक 2.2 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर और रांची रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक 4.7 किलोमीटर लंबी वैकल्पिक फोर लेन की सड़क और 800 मीटर लंबी एलिवेटेड सड़क शामिल है।
नई दिल्ली के झारखंड भवन में शनिवार को हुई बैठक में हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची से जुड़ी कई सड़क निर्माण परियोजनाओं को अपनी मंजूरी दी। इसमें रांची रेलवे स्टेशन (सेंकेड एप्रोच) से रांची हवाई अड्डा तक सड़क निर्माण, साइंस सिटी से रिंग रोड तक फोरलेन सड़क निर्माण की परियोजना निर्माण की मंजूरी प्रमुख है।
पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सामने विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया। इसके बाद रांची को लेकर तीनों परियोजनाओं को मंजूरी सीएम की ओर से प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर उसे जल्द से जल्द लागू किया जाए।
उन्होंने हरमू मुक्ति धाम से हरमू नदी किनारे होते हुए रेडिशन ब्लू और और हिनू पुल से जगन्नाथपुर तक स्वर्णरेखा नदी के दोनों किनारो पर फ्लाईओवर निर्माण से संबंधित परियोजनाओं पर बाद में विचार करने का निर्देश दिया है। बता दें कि राजधानीवासियों को हाल ही में कांटाटोली, सिरमटोली और रातू रोड में फ्लाईओवर की सौगात मिल चुकी है।