राँची:-कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड की निदेशक सह प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर को प्रतिष्ठित ग्लोबल प्राइड इंडिया पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।पिछले दिनों होटल रमाडा में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री संगीता बिजलानी ने उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। राष्ट्रीय स्तर का यह पुरस्कार शिक्षण, फैशन डिजाइनिंग, कला ,निर्माण सहित अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शख्सियतों को प्रदान किया जाता है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए श्रीमती कौर को यह पुरस्कार प्रदान किया गया।श्रीमती कौर विगत पैंतीस वर्षों से सीबीएसई तथा राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रही हैं। उन्हें सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर, इनोवेशन एंबेसेडर एंड मास्टर ट्रेनर फॉर डिज़ाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन, सीबीएसई हाइब्रिड लर्निंग प्रोग्राम की ब्रांड एंबेसडर, सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की अध्यक्ष, सीबीएसई रिसोर्स पर्सन सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर उत्कृष्ट योगदान तथा विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में लेखों के प्रकाशन के आधार पर इस पुरस्कार के लिए चुना गया। श्रीमती परमजीत कौर राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के प्रावधानों को लागू करने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं एवं इसके लिए मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्यशील हैं।पीएम ई -विद्या डीटीएच टीवी चैनल में बेटा वर्जन पर उनके शैक्षणिक कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाता है। उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। मौके पर उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार शिक्षण कार्य के प्रति समर्पित लोगों के लिए प्रेरणा है।यह उन लोगों के प्रति सम्मान है, जो भविष्य की नींव तैयार कर एक सशक्त और शिक्षित भारत की नींव तैयार कर रहे है तथा सशक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए सतत प्रयत्नशील हैं। इस कार्यक्रम में राजनीति, शिक्षा ,कला और निर्माण कार्य से जुड़े कई गणमान्य शख्सियत उपस्थित थे। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक शिक्षिकाओ ने उन्हें बधाई दी है।
