रांची:- झारखण्ड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शहरभर में विविध सांस्कृतिक एवं जनसहभागिता आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 14 नवम्बर 2025 को राँची नगर निगम द्वारा मोराबादी, ज़ाकिर हुसैन पार्क एवं आयुक्त कार्यालय की चारदीवारी में वॉल पेंटिंग इवेंट का भव्य आयोजन किया गया।
▶️सुबह से ही प्रोफेशनल कलाकार झारखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली आकर्षक पेंटिंग्स, सोहराई कला तथा अन्य पारंपरिक कलाकृतियाँ बनाते हुए शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
▶️कार्यक्रम के दौरान कलाकारों का उत्साहवर्धन करने के लिए प्रशासक श्री सुशांत गौरव तथा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने अपनी सहभागिता दर्ज की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल स्थानीय कला और कलाकारों को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि झारखण्ड की अनूठी सांस्कृतिक पहचान और खूबसूरती को भी नई ऊर्जा देते हैं।
▶️ शहरवासी भी अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस कार्यक्रम का हिस्सा बनें, कलाकारों का मनोबल बढ़ाया और राज्य की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर को करीब से महसूस किया। इवेंट स्थल पर सिग्नेचर अभियान एवं सेल्फी प्वाइंट की भी व्यवस्था की गई, जहाँ आम नागरिक उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
▶️इस कार्यक्रम के तहत दक्षिणी छोटानागपुर प्रमण्डल के आयुक्त, श्री अंजनी कुमार मिश्र ने कचहरी स्थित आयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित वॉल पेंटिंग कार्यक्रम में सम्मिलित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। आयुक्त महोदय ने झारखण्ड राज्य के सभी नागरिकों को राज्य की 25वीं वर्षगाँठ पर हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं जनभागीदारी की अनूठी मिसाल प्रस्तुत करते हैं।
▶️इस अवसर पर अपर प्रशासक श्री संजय कुमार, उप प्रशासक श्री रविंद्र कुमार, उप प्रशासक श्री गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक सहित नगर निगम की पूरी टीम उपस्थित रही और झारखण्ड स्थापना दिवस को भव्य एवं यादगार बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
