3 मई को राज्य स्तरीय संविधान बचाओ महारैली का आयोजन पुराना विधानसभा मैदान में किया जाएगा।

The Ranchi News
3 Min Read

रांची: 3 मई को राज्य स्तरीय संविधान बचाओ महारैली का आयोजन पुराना विधानसभा मैदान में किया जाएगा।

उक्त घोषणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने करते हुए कहा कि देश में लगातार संविधान और संविधान द्वारा गठित संस्थानों पर हमले हो रहे हैं लेकिन संविधान की रक्षा के प्रति कांग्रेस प्रतिबद्ध है। संविधान में भारत के नागरिकों को अधिकार दिए गए हैं उनके अधिकारों को छिनने का प्रयास सत्ताधारी दल द्वारा किया जा रहा है। संविधान बदलने का मुखर अभियान देशवासियों के बीच चलाया जा रहा है,इस वास्तविकता से जनता को अवगत कराने के लिए राज्य स्तर के बाद जिला एवं विधानसभा स्तर पर रैली आयोजित की जाएगी। 40 दिनों तक संविधान रक्षा अभियान के तहत कांग्रेस घर-घर जाकर संविधान में दिए गए अधिकारों से लोगों को अवगत कराएगी, संविधान के प्रति जागरूकता का यह महा अभियान है। जिस दिन आम लोगों के घरों में संविधान होगा जनता सजग रहेगी और तानाशाह शासन द्वारा संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ रची जा रही साजिशों के खिलाफ संघर्ष में साथी होगी।

कांग्रेस विधायक दल नेता प्रदीप यादव ने कहा कि पहलगाम की घटना निंदनीय है। जिस प्रकार हिंदुओं को चुन चुन कर मारा गया है उसे साफ है कि आतंकी चाहते हैं कि देश में वे वैमनष्यता फैलै, देश की एकता कमजोर हो। भारत सरकार को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए,आज देश में एकता की जरूरत है। जो मंशा आतंकियों की है, उनके पीछे बैठे पाकिस्तान की है उस मंशा पर हमें पानी फेरना है। भाजपा अपने फोल्डर से देश की एकता को कमजोर करने वाले तथ्यों को परोस रही है।

विधायक दल उप नेता राजेश कच्छप ने कहा कि इस देश में खाई सी बनती जा रही है,इसे पाटने के लिए राहुल गांधी ने एकता का संदेश देने के लिए पूरे भारतवर्ष की पदयात्रा की। कांग्रेस का मकसद है कि देश एक सूत्र में बंधा रहे,संविधान और कानून के अनुरूप देश चले। पहलगाम की घटना के विरोध में कांग्रेस सरकार के साथ खड़ी है, इस घटना के पीछे जिसका भी हाथ हो उसका पर्दाफाश हो,जो चूक हुई है उसकी जांच हो ताकि भविष्य में पुनरावृत्ति ना हो।देश को सुरक्षित रखने के लिए कांग्रेस ने कीमत चुकायी है और संवैधानिक मूल्यों को सुरक्षित रहने के लिए आगे भी संघर्षरत रहेगी।

संवाददाता सम्मेलन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा सतीश पौल मुजनी, सोनाल शांति,गजेंद्र सिंह,जगदीश साहू भी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *