राँची:-आज दिनांक 19 जनवरी 2026 को समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित सभागार में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (सीजीएल) के सफल उत्तीर्ण होने के पश्चात विभिन्न पदों पर नव नियुक्त अंचल निरीक्षक (सर्किल इंस्पेक्टर कम कानूनगो) एवं कानूनगो ने उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, राँची श्री मंजूनाथ भजन्त्री से औपचारिक मुलाकात की।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने एक-एक कर सभी नव नियुक्त कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आप सभी का यह चयन राज्य सरकार की दूरदर्शी एवं कर्मचारी-केंद्रित नीतियों का परिणाम है। झारखंड सरकार लगातार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है तथा विभिन्न विभागों में योग्य एवं प्रतिभाशाली अधिकारियों की नियुक्ति के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बना रही है।
*उपायुक्त ने नव नियुक्त अंचल निरीक्षकों एवं कानूनगो को संबोधित करते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए:*
*क्षेत्रीय कार्यों का गहन अध्ययन करें:*
आप सभी को फिल्ड में जाकर अपने दायित्वों, भूमि संबंधी मामलों, राजस्व संग्रहण एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को गहराई से समझना चाहिए।
*सीखने की भावना बनाए रखें:*
कभी भी अहंकार या ईगो न पालें। प्रशासनिक जीवन में निरंतर सीखना एवं अनुभव प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है।
*जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार:*
आम जनता जब अपनी शिकायतें या समस्याएं लेकर आपके पास आए, तो उनके साथ अत्यंत शालीनता, सम्मान एवं धैर्य के साथ व्यवहार करें। किसी भी स्थिति में जनता के साथ दुर्व्यवहार बिल्कुल अस्वीकार्य है।
*पारदर्शिता एवं निष्पक्षता:*
अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करें, ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
उपायुक्त ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा अधिकारी अपनी मेहनत, लगन एवं समर्पण से जिले के राजस्व प्रशासन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। नव नियुक्त अधिकारियों ने उपायुक्त के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
