राँची पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली नोटों की खेप के साथ गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 42 बंडल ₹500 के जाली नोट बरामद

The Ranchi News
3 Min Read

राँची :- 23 अगस्त 2025। सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 455/25 (दिनांक 22.08.2025) के अंतर्गत पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए नकली नोट कारोबार का भंडाफोड़ किया गया। सूचना थी कि बिहार से आने वाली चन्द्रलोक बस के जरिए जाली नोटों की बड़ी खेप राँची लाई जा रही है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय के आदेशानुसार पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली राँची के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। छापामारी टीम ने रातु रोड स्थित न्यू मार्केट चौक के पास शुलभ शौचालय के समीप घेराबंदी की। इसी दौरान चन्द्रलोक बस पहुँची और उसमें से उतारे गए तीन पेटी एक सफेद रंग की हुंडई कार में रखे गए। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें पाँच सौ रुपये के नकली नोटों के बंडल मिले।

जाँच में पाया गया कि एक कार्टन में 42 बंडल नकली नोट रखे गए थे, जिनमें से 20 बंडल में 300-300 जाली नोट और 22 बंडल में 350-350 जाली नोट मौजूद थे। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया—

  1. मो० साबीर उर्फ राजा (27 वर्ष), पिता मो० असलम, निवासी नूर नगर, हरमू बायपास रोड, थाना अरगोड़ा, जिला राँची।
  2. साहिल कुमार उर्फ करण (32 वर्ष), पिता कैलाश मंडल, निवासी हरमू हाउसिंग कॉलोनी, एल.एफ. क्वार्टर नं-60, थाना अरगोड़ा, जिला राँची।

पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह कारोबार दिल्ली निवासी गिरोह के सरगना नीरज कुमार चौधरी के निर्देश पर चलता है। यह गिरोह मोबाइल और व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों को जाली नोट सप्लाई करता है। असली नोट को बंडल के ऊपर-नीचे रखकर बाकी जगह नकली नोट भर दिए जाते हैं और इसके एवज में 40,000 से 50,000 रुपये वसूले जाते हैं। गिरोह को इस धंधे से 20-30% कमीशन भी मिलता है।

बरामदगी सूची:

  1. 42 बंडल ₹500 के जाली नोट
  2. दो कार्टून पैक जाली नोट
  3. दो मोबाइल फोन

छापामारी दल में शामिल पुलिस अधिकारी एवं कर्मी:

  1. प्रकाश सोय, पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली राँची
  2. कृष्णा कुमार साहू, पु०नि० सह थाना प्रभारी, सुखदेवनगर थाना
  3. पु०अ०नि० पिंकी कुमारी साव
  4. पु०अ०नि० बबलू बेसरा
  5. स०अ०नि० श्री चौधरी
  6. स०अ०नि० रविन्द्र दास

फिलहाल पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और छापामारी अभियान जारी है।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *