राँची:-वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने इंडिया पवेलियन के उद्घाटन के साथ-साथ झारखण्ड पवेलियन का भी विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा एवं महासचिव रोहित अग्रवाल की उपस्थिति रही।
इसी क्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन, माननीय विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन एवं झारखण्ड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल को टेक महिंद्रा के हेड एंड प्रेसिडेंट (आईएमईए डिवीजन) शाहिल धवन द्वारा वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान टेक महिंद्रा लाउंज में आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर झारखण्ड के आईटी और डिजिटल इकोसिस्टम को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई। टेक महिंद्रा ने झारखण्ड में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर तथा इमर्जिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर गहरी रुचि व्यक्त की। साथ ही अंडरग्राउंड एनर्जी स्टोरेज सहित उन्नत ऊर्जा समाधानों के विकास में राज्य सरकार के साथ सहयोग की संभावना भी व्यक्त की। माननीय मुख्यमंत्री ने राज्य के आईटीआई संस्थानों को अधिक रोजगारोन्मुख बनाने हेतु उद्योगों के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान आज माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं। इसी क्रम में लूलू ग्रुप के चेयरमैन यूसुफ अली, वेल्स्पून ग्रुप के चेयरमैन बी.के. गोयनका, अडानी ग्रुप के प्रणव अडानी और रश्मि ग्रुप समेत कई बड़ी कंपनियों के साथ झारखण्ड लाउंज में सार्थक संवाद हुआ। दोनों उद्योग समूहों ने झारखण्ड में उपलब्ध संसाधनों, निवेश अनुकूल वातावरण और मानव संसाधन क्षमता की सराहना करते हुए राज्य में संभावित निवेश अवसरों को लेकर सकारात्मक रुख व्यक्त किया।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि दावोस में झारखण्ड पवेलियन का उद्घाटन और टेक महिंद्रा जैसी वैश्विक कंपनी की झारखण्ड में निवेश में रुचि राज्य के लिए ऐतिहासिक अवसर है। यह संवाद झारखण्ड को निवेश, इनोवेशन और रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। झारखण्ड को निवेश डेस्टिनेशन बनाने में झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स निर्णायक भूमिका निभाएगा।
उक्त जानकारी चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने देते हुए कहा कि इस प्रकार की वैश्विक कंपनियों की रुचि झारखण्ड के लिए दीर्घकालिक निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में अत्यंत शुभ संकेत है। टेक महिंद्रा, अडानी, रश्मि, लूलू और वेल्स्पून ग्रुप जैसी बड़ी कंपनियों का प्रस्ताव युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट और ग्लोबल अवसरों के द्वार खोलेगा। झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
