राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि स्वर्णिम भारत एक्सपो वोकल फॉर लोकल की भावना को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है. यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार, कौशल विकास और आधुनिकता का जीवंत संगम है. युवाओं, शोधकर्ताओं, उद्यमियों और नीति-नमिर्माताओं को एक सूत्र में जोड़ने का यह सार्थक प्रयास है. राज्यपाल गुरुवार को सरला बिरला विवि व परिचित फाउंडेशन द्वारा आयोजित मेगा प्रदर्शनी स्वर्णिम भारत एक्सपो-2025 का उदघाटन कर रहे थे. राज्यपाल ने कहा कि इस एक्सपो में कौशल विकास, कृषि, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, हस्तशिल्प, पर्यटन, ऊर्जा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गयी है. नये भारत की प्रगति की दिशा तय कर रहे हैं.
राज्यपाल ने विशेष रूप से इस तथ्य की सराहना की कि इस प्रदर्शनी में डीआरडीओ, इसरो, सीएसआइआर और आइसीएमआर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों सहित विभिन्न विभाग व संगठन अपनी उपलब्धियां और नवाचार प्रस्तुत कर रहे हैं. कहा कि चंद्रयान-3 तथा सूर्य मिशन आदित्य एल-1 ने पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है. राज्यपाल ने भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के योगदान की भी
सराहना की और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा-पुंज बताया. राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत @ 2047 में युवाओं एवं शिक्षण संस्थानों की अहम भूमिका है. झारखंड की पावन भूमि अपनी प्राकृतिक संपदा,
सांस्कृतिक धरोहर और परिश्रमी मानव संसाधन के कारण राष्ट्र के विकास में निरंतर योगदान देती रहेगी. सांसद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा संसदीय कार्यों की व्यस्तता के कारण उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं हो सके. इस अवसर पर पद्मश्री अशोक भगत, विवि के महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक, कुलपति डॉ जेगनाथन चोक्कालिंगम, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष परेश गत्तानी, सरला बिरला पब्लिक स्कूल की प्राचार्या मनीषा शर्मा, परिचित फाउंडेशन के अध्यक्ष तरुण जैन विशेष रूप से उपस्थित थे.
