रांची:— बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा के गणित विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी ऑन मैथमेटिकल इनोवेशंस फॉर इंडस्ट्रियल एडवांसमेंट (NSMIIA) का उद्घाटन आज सुबह 10 बजे कैट हॉल में संस्थान प्रार्थना के साथ हुआ।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. पायल दास ने स्वागत भाषण देते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों और कार्यक्रम का अवलोकन प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र में संस्थान के कुलपति डॉ. इंद्रनील मन्ना, गणित विभाग के प्रोफेसर डॉ. अभिनव टंडन और आईआईटी खड़गपुर के प्रोफेसर सौरव मुखोपाध्याय ने गणित और औद्योगिक विकास के बीच गहरे संबंधों पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य अतिथि, आईआईटी आईएसएम धनबाद के प्रोफेसर सुकुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में गणितीय अनुसंधान को उद्योग जगत में व्यावहारिक रूप से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। सह-संयोजक डॉ. पार्थ सारथी माजी ने धन्यवाद ज्ञापन देकर उद्घाटन सत्र का समापन किया।
इसके बाद विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित हुए। जीडीजी रांची के श्री विजय ने प्रौद्योगिकी के आधुनिक रुझानों पर एक घंटे का सत्र लिया। आईएसआई कोलकाता की सहायक प्रोफेसर डॉ. मृगांका मंडल ने गणितीय अनुसंधान में नवाचार की भूमिका पर प्रेरक संबोधन दिया। सैप समूह के श्री सावनदीप ने आज की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रसार पर संक्षिप्त व्याख्यान प्रस्तुत किया। वहीं, मिराए एसेट वेंचर इन्वेस्टमेंट्स के वीसी निवेशक श्री अर्पित कुमार ने अपने करियर में गणित के महत्व पर प्रकाश डाला।
दिन का समापन सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। यह संगोष्ठी आने वाले दिनों में भी तकनीकी और शैक्षणिक चर्चाओं के माध्यम से उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहयोग को नई दिशा देगी।
