रांची। झारखंड सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। हेमंत सरकार ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पतरातु, दशम तथा नेतरहाट में स्काई वाक अर्थात ग्लास ब्रिज के निर्माण की स्वीकृति दी है। ये ग्लास ब्रिज न सिर्फ पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्रदान करेंगे, बल्कि झारखंड के पर्यटन उद्योग को भी नई बुलंदियों तक ले जाएंगे। इसके निर्माण को लेकर डीपीआर तैयार करने तथा प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के लिए कंसलटेंट का चयन किया जाएगा।
निर्माण को लेकर शुरू कर दी गयी टेंडर की प्रक्रिया
इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नेतरहाट में दो ग्लास ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। एक ग्लास ब्रिज का निर्माण नेतरहाट के मैगनोलिया प्वाइंट तथा दूसरा नेतरहाट के ही कोषल व्यू प्वाइंट में होगा। इस तरह, कुल चार ग्लास ब्रिज का निर्माण दो पैकेजों में होगा। पहले पैकेज में नेतरहाट के दोनों प्वाइंट में ग्लास ब्रिज का निर्माण होगा तो दूसरे पैकेज के तहत पतरातू घाटी के व्यू प्वाइंट तथा दशम फाल में इसका निर्माण होगा।
पर्यावरण संरक्षण रहेगा प्राथमिकता
राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि इन ग्लास ब्रिजों के निर्माण से वनों और वन्यजीवों को कोई नुकसान न पहुंचे। इसके लिए कंसलटेंट को खास अध्ययन करने को कहा गया है।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
झारखंड सरकार का यह कदम राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। खासकर नेतरहाट, पतरातू और दशम फॉल में पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा होने की उम्मीद है।
इन ग्लास ब्रिजों से न सिर्फ रोमांचक अनुभव मिलेगा, बल्कि झारखंड का पर्यटन उद्योग भी नई बुलंदियों तक पहुंचेगा।
फैक्ट फाईल ऑफ ग्लास विज तीन मीटर चौड़ा होगा ग्लास ब्रिज, 45 मीटर लंबा बनेगा चारो ब्रिज, 1.2 मीटर ऊंची होगी चारों ब्रिज की रेलिंग