राँची:- राँची जिले के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत किशोरगंज रोड नंबर-09 में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 13.12.2025 को संध्या करीब 5 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूचना के आलोक में पुलिस अधीक्षक नगर, राँची के नियंत्रण में तथा पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने किशोरगंज रोड नंबर-09 स्थित सुजीत राय के घर पर छापामारी की, जहां एक पुरुष और एक महिला को गांजा के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- सुजीत राय, उम्र करीब 36 वर्ष, पिता – अर्जुन राय
- रबिता देवी, उम्र करीब 32 वर्ष, पति – सुजीत राय
- (दोनों निवासी – किशोरगंज रोड नंबर-09, थाना सुखदेवनगर, जिला राँची)
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए तलाशी के दौरान आरोपियों के कमरे से कुल 1.010 किलोग्राम गांजा सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा की बिक्री का कार्य करते हैं। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 654/25, दिनांक 13.12.2025, धारा 20(बी)(ई)/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सुजीत राय पूर्व में भी गांजा के मामले में जेल जा चुका है।
अपराधिक इतिहास:
सुजीत राय के विरुद्ध पूर्व में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 449/21, धारा 20(B)(ii)(A) NDPS एक्ट के तहत आरोप पत्र दायर किया जा चुका है।
बरामद सामानों की सूची:
- गांजा – 1.010 किलोग्राम
- नकद राशि – ₹7,520
- पैकिंग प्लास्टिक
- एक मोमबत्ती
- दो माचिस
- एक वेट मशीन (बोल्ट KS 002 कंपनी)
- एक काले रंग की टीवीएस एनटॉरक स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH-01GH-0835)
- एक काला रियलमी (नार्ज़ो) मोबाइल, जियो सिम के साथ (IMEI नंबर पुलिस अभिलेख में दर्ज)
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी:
इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली प्रकाश सोय सहित सुखदेवनगर थाना और महिला थाना राँची के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।
पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
