रांची :- रांची के रातू थाना क्षेत्र में दिनांक 11 जुलाई 2025 को दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पांच कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी में प्रयुक्त स्कूटी समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
ग्रामीण एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आशुतोष उरांव, निवासी चालाटोली कटहल मोड़, सिमलिया, थाना रातू, जिला रांची के घर में चोरी की घटना हुई थी। इस पर रातू थाना कांड संख्या 260/2025, धारा 305/331(1)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में तेजी लाते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण रांची के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय रांची श्री अरविंद कुमार कर रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कमड़े आश्रम क्षेत्र से चोरी की योजना बना रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया। इन अपराधियों के पास से चोरी किया गया सामान, जैसे कि एक स्कूटी (JH01DR-7056), सोनी कंपनी का टीवी, एक स्मार्टफोन, एक कीपैड मोबाइल, गलाया हुआ सोना, एक सलाई रेंच और एक पेचकस बरामद किया गया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- पवन कुमार (30 वर्ष), पिता – स्व. कैलाश प्रजापति, निवासी कुम्हारटोली चुन्ना भट्ठा, थाना – सुखदेवनगर, रांची।
- कौशल कुमार सिंह (29 वर्ष), पिता – स्व. रूपदेव सिंह, निवासी यमुना नगर रोड नं-5, मुरला पहाड़, थाना – सुखदेवनगर, रांची; स्थायी पता – ग्राम थवई मदनपुर, जिला गया (बिहार)। यह पूर्व में NDPS एक्ट में जेल जा चुका है।
- राजा साव (24 वर्ष), पिता – किशोरी साव, किरायेदार संजय पंडित के मकान में, मुरला पहाड़, रांची; स्थायी पता – हथियारा, गया (बिहार)।
- सुनील कुमार राय उर्फ अन्नु यादव (35 वर्ष), पिता – रामनरेश राय, निवासी किशोरगंज, इरगूटोली, रांची।
- संतोष कुमार सोनी (35 वर्ष), पिता – भरत प्रसाद, निवासी मधुकम लायंस चौक, रांची।
इन अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और ये दोपहिया वाहनों से घूम-घूमकर बंद घरों को निशाना बनाते थे। सलाई रेंच से ताले तोड़ते और पेचकस से अलमीरा खोलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी:
टीम में पुलिस उपाधीक्षक श्री अरविंद कुमार के साथ निरीक्षक राम नारायण सिंह, अवर निरीक्षक अनुरंजन कुमार, संतोष यादव, नवीन शर्मा, प्रियंका कुमारी, विशेश्वर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार व सुनील कुमार सिंह, आरक्षी देवराज राम सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस का बयान:
वरीय अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में कई अन्य चोरियों का भी खुलासा हो सकता है और मामले में आगे की जांच जारी है।
रांची पुलिस की तत्परता से न सिर्फ चोरों को पकड़ा गया, बल्कि आमजन में एक सकारात्मक संदेश भी गया है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।