झूठी लूट की साजिश का खुलासा: ऑनलाइन गेमिंग की लत ने लोन रिकवरी कर्मी को बनाया अपराधी, सोनाहातु थाना में दर्ज हुई थी फर्जी प्राथमिकी

The Ranchi News
3 Min Read

रांची :- सोनाहातु थाना क्षेत्र में दर्ज एक कथित लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक चौंकाने वाला मामला सामने लाया है, जिसमें लोन रिकवरी कर्मी ने ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद अपने ऊपर लूट का झूठा मामला दर्ज कराया था।

मामला सोनाहाटु थाना कांड संख्या 36/2025, दिनांक 11.07.2025, धारा-310 बीएनएस 2023 से जुड़ा है, जिसमें सहैल अंसारी, पिता- रफीक अंसारी, साकिन- कजिया, थाना- माण्डर, जिला- रांची ने दावा किया था कि वह कस्टमर से वसूले गए ₹62,000 की राशि के साथ बाइक सवार पांच अज्ञात अपराधियों द्वारा लूट लिया गया। इससे पूर्व दिनांक 12.06.2025 को भी इसी तरह की एक और लूट की प्राथमिकी थाना-मांडर में दर्ज कराई गई थी।

 

दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए रांची के पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रांची तथा पुलिस उपाधीक्षक बुण्डु के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों एवं गहन पूछताछ के बाद मामला झूठा पाया गया।

 

पूछताछ में आरोपी सहैल अंसारी ने स्वीकार किया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग चुकी थी। एक बार ‘राजा लक’ नामक गेम में उसने ₹1,03,000 जीते थे, जिसमें से ₹96,500 उसे वापस मिला, लेकिन वह सारा पैसा फिर हार गया। सैलरी कम मिलने और घाटे में जाने के बाद उसने एक साजिश रची और लोन रिकवरी के दौरान कस्टमर से मिली राशि को गेम में लगाने का निर्णय लिया। जब वह फिर हार गया तो लूट का नाटक रचते हुए झूठी प्राथमिकी दर्ज करा दी।

 

आरोपी ने बाद में सारा पैसा खुद एवं अपनी पत्नी के खाते में डालकर ऑनलाइन गेम में गंवा दिया। जांच में मोबाइल और एक ग्लैमर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

 

गिरफ्तार आरोपी:

  1. सहैल अंसारी, पिता- रफीक अंसारी, साकिन- कजिया, थाना- मांडर, जिला- रांची।

छापामारी दल में शामिल अधिकारी:

  1. श्री कीमोड – ऑटोमोबाइल्स मेटल बोर्ड, बुंडु, रांची।
  2. श्री चंदन कुमार – थाना प्रभारी, सोनाहातु।
  3. श्री राकेश कुमार – सोनाहातु थाना।

पुलिस अब झूठा मामला दर्ज करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह मामला ऑनलाइन गेमिंग की लत से जुड़ी सामाजिक समस्याओं की ओर एक गंभीर संकेत देता है।

 

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *