राँची:- आज दिनांक 02 सितंबर 2025 को श्रीकृष्ण लोक प्रशासन सेवा संस्थान (एसकेआईपीकेए) सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गयी। श्री संजय सेठ माननीय सांसद, रांची लोकसभा क्षेत्र- सह-रक्षा राज्यमंत्री, भारत सरकार-सह-अध्यक्ष जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की, माननीय मंत्री, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखण्ड सरकार, श्री कालीचरण मुंडा, माननीय सांसद, खूँटी, श्री दीपक प्रकाश, माननीय सांसद (राज्यसभा), श्री आदित्य प्रसाद, माननीय सांसद (राज्यसभा), डॉ. महुआ माज़ी, माननीय सांसद (राज्यसभा), श्री सी.पी.सिंह, माननीय विधायक, राँची विधानसभा, श्री नवीन जायसवाल, माननीय विधायक, हटिया विधानसभा, श्री अमित महतो, माननीय विधायक, सिल्ली विधानसभा,श्रीमती निर्मला भगत, अध्यक्ष जिला परिषद, जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री, डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक श्री चंदन सिन्हा, उपविकास आयुक्त श्री सौरभ कुमार भुवनिया एवं जिलास्तरीय पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

*जिला में विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा*
बैठक के दौरान केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जिले में क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा समिति द्वारा की गयी। उपविकास आयुक्त श्री सौरभ कुमार भुवनिया ने पीपीटी केे माध्यम से समिति को जिले में विभिन्न योजनाओं जैसे- मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नेशनल सोशल असिस्टेंस प्रोग्राम, समाज कल्याण, नेशनल हेल्थ मिशन, स्वच्छ भारत मिशन/जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, एवं अन्य योजनाओं की जिला में कार्य प्रगति की जानकारी दी गयी।
मनरेगा अंतर्गत रांची जिला में क्रियान्वित रोजगारोन्मुखी योजनाओं की समीक्षा के दौरान कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की द्वारा मौजूदा वित्तीय वर्ष में आवश्यक एवं उपलब्ध आवंटन की जानकारी ली गयी। उपविकास आयुक्त द्वारा बताया गया कि आवश्यक 43 करोड़ में से 23 करोड़ रुपये का आवंटन उपलब्ध कराया गया। माननीय सांसद श्री दीपक प्रकाश द्वारा फर्जी जॉब कार्ड के माध्यम से राशि निकासी पर रोक लगाने को कहा गया।
समिति द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि प्रखण्ड स्तर पर टास्क फोर्स का गठन करें ताकि योजना अंतर्गत लाभुकों की पुनरावृत्ति न हो। पर्व त्यौहारों से पहले साफ-सफाई, सड़कों की मरम्मत और अतिक्रमण हटाने को लेकर भी समिति द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
समिति द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत जिले में किये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए ससमय गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया। रातू में योजना के तहत सड़क निर्माण में विलंब की समीक्षा कर यथाशीघ्र कार्य पूर्ण कराने का निर्देश अध्यक्ष द्वारा दिया गया।
रांची जिला में विभिन्न योजना अंतर्गत शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश समिति द्वारा पदाधिकारियों को दिया गया।
नेशनल सोशल असिस्टेंस प्रोग्राम अंतर्गत पेंशन योजना की समीक्षा दौरान समिति को संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया आवंटन अनुसार पेंशन राशि लाभुकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है। खाद्य आपूर्ति से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान समिति द्वारा एनएफएसए अंतर्गत लाभुकों को सही मात्रा में खाद्यान्न वितरण एवं रिक्ति अनुसार राशनकार्ड में नये सदस्यों का नाम जोड़ने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अलग-अलग मुद्दे उठाए गये, जिस पर समिति द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत कुछ स्थानों पर अधूरे कार्य का मामला उठाया गया। जिस पर चर्चा करते हुए समिति द्वारा नियत समय पर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
*सदर अस्पताल की प्रशंसा*
बैठक में समिति द्वारा रांची सदर अस्पताल की प्रशंसा की गयी। श्री संजय सेठ ने कहा कि सदर अस्पताल बढ़िया कार्य कर रहा है। समिति द्वारा विभिन्न प्रखण्ड़ों में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के जीर्णाेद्धार पर भी चर्चा की गयी। सभी सीएचसी में अल्ट्रासाउण्ड और डायलिसिस की व्यवस्था करने का निर्देश समिति द्वारा दिया गया। न्यू बोर्न बेबी के लिए आधार बनाने और स्नैक बाइट के लिए भी व्यवस्था का निर्देश अध्यक्ष द्वारा दिया गया। माननीय अध्यक्ष द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से फैटी लीवर के मरीजों के इलाज की व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श भी किया गया। माननीय सांसद श्री कालीचरण मुण्डा द्वारा बुण्डू अनुमण्डल अस्पताल में बेहतर व्यवस्था हेतु सिविल सर्जन को निदेशित किया गया।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा समिति को आश्वस्त किया गया कि बैठक में माननीय सदस्यों द्वारा जिला में योजनाओं के बेहतर क्रियान्यवन को लेकर जो बिन्दु सामने लाये गये हैं उस पर नियत समय कार्य संपादित करने का प्रयास किया जायेगा।
