रांची में गढ़वा के युवक की कार से कुचलकर हत्या, केस दर्ज

The Ranchi News
2 Min Read

गढ़वा:- गढ़वा जिले के हरिगांवा गांव निवासी अरूण सिंह के पुत्र अंकित कुमार सिंह (26) की रांची के लालपुर चौक के पास रविवार की रात को कार से कुचलकर हत्या कर दी गयी. घटना के संबंध में मृतक के मामा सत्यप्रकाश सिंह ने सोमवार को गढ़वा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. वहीं पुलिस प्राथमिकी (जीरो एफआइआर) दर्ज कर व शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई के लिए रांची के लालपुर थाना को संबंधित दस्तावेज भेज रही है.

प्राथमिकी में सत्यप्रकाश ने बताया कि रविवार की रात लगभग नौ बजे वह अपने भांजे अंकित और उसके दोस्तों के साथ लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार में गये थे. वहां एक अन्य समूह भी मौजूद था, जिसमें एक युवती भी थी. रात करीब 12 बजे जब सभी लोग बार से बाहर निकले, तभी दूसरे समूह के लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी की और अंकित की ओर इशारा करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी. इससे विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गयी. आरोप है कि दूसरे समूह के लोगों ने अंकित कुमार सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी दौरान सड़क पर खड़ी एक सफेद रंग की कार से अंकित और उसके दोस्तों को धक्का मार दिया गया. इसमें अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी आकाश कुमार भी चोटिल हो गया. आरोप है कि हमलावरों ने फिर से उसी कार से अंकित को कुचल दिया और घटनास्थल से फरार हो गये. घटना के बाद घायल अंकित को परिजन और दोस्त सदर अस्पताल, रांची ले गये, जहां से उसे रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स में डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया. मृतक के दोस्त अर्णव उर्फ सेजल ने घटना में शामिल रमनदीप सिंह, रोशन गुप्ता, अंशुल, विक्की खान और अन्य चार-पांच युवकों को पहचानने का दावा किया है. घटना के बाद सोमवार को अंकित का शव गढ़वा पहुंचा |

TAGGED:
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *