झारखंड पुलिस की बड़ी कामयाबी ,अपहृत दो मासूम बच्चे सकुशल बरामद, दो आरोपी हिरासत में

The Ranchi News
4 Min Read

राँची:- महानिदेशक-सह-पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड के निर्देश पर झारखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जगरनाथपुर मौसीबाड़ी से अपहृत दो मासूम बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। बरामद बच्चों में 5 वर्षीय अंश कुमार और 4 वर्षीय अंशिका कुमारी शामिल हैं। दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर क्षेत्र से आज 14 जनवरी 2026 की सुबह बरामद किया गया।

इस मामले में राँची पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में बच्चों के अपहरण को अन्य राज्यों में हुई समान घटनाओं से जोड़कर अनुसंधान किया गया।

12 राज्यों में भेजी गई थी पुलिस टीमें

बच्चों की तलाश में झारखंड पुलिस ने ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र सहित कुल 12 राज्यों में विशेष टीमें भेजीं। इसके साथ ही पूरे राज्य और अन्य राज्यों में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाट-बाजार सहित प्रमुख स्थानों पर पोस्टर लगाए गए।

500 से अधिक CCTV फुटेज और 5,000 वाहनों की जांच

अनुसंधान के दौरान 500 से अधिक CCTV फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया और 5,000 से अधिक वाहनों का सत्यापन किया गया। संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। जगरनाथपुर और धुर्वा थाना क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से रिमोट इलाकों की भी तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉयड की भी मदद ली गई।

सोशल मीडिया और मीडिया की अहम भूमिका

प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया गया। बच्चों की सूचना देने पर प्रति बालक 2 लाख रुपये, कुल 4 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। इस दौरान पुलिस कंट्रोल रूम में रोजाना 1,000 से अधिक कॉल प्राप्त हुए, जिनकी जांच की गई।

मामला दर्ज, विशेष टीम गठित

इस संबंध में बच्चों के पिता सुनील कुमार द्वारा धुर्वा थाना में कांड संख्या 01/26 दिनांक 03.01.2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक नगर और यातायात के सहयोग से कुल 48 पुलिस पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी

महानिदेशक के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक, सीआईडी द्वारा पूरे देश में ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया गया। विभिन्न बाल संगठनों ने भी सूचना प्रसारण में सराहनीय योगदान दिया।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

राँची पुलिस के अनुसार, इस अपहरण कांड में शामिल पूरे अंतर्राज्यीय गिरोह की पहचान कर उनके ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आगे की जांच जारी है।

झारखंड पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि वह आम जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

The Ranchi News की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें |

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *