हजारीबाग:- हजारीबाग पुलिस द्वारा एन्टी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान एक संगठित अन्तरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 06 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। दिनांक 12.02.2026 की रात्रि में लोहसिंघना थाना प्रभारी द्वारा पेलावल ओ०पी० की पेट्रोलिंग पार्टी को दूरभाष के माध्यम से सूचना दी गई कि एक बिहार नंबर प्लेट लगी सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन पुलिस गश्ती गाड़ी को देखकर इंद्रपुरी चौक पर लगे बैरियर को धक्का मारते हुए पेलावल की ओर तेज गति से भाग रही है। उक्त सूचना पर पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार श्री अमित आनंद (भा०पु०से०), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, हजारीबाग के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पेलावल गदोखर मोड़ के पास बैरियर लगाकर इंद्रपुरी चौक की ओर से आ रही संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को सशस्त्र बल के सहयोग से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुल 06 व्यक्ति सवार पाए गए। सभी को आवश्यक पूछताछ हेतु पेलावल ओ०पी० लाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर सभी अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे चारपहिया वाहनों की चोरी करते हैं तथा हजारीबाग एवं आसपास के क्षेत्रों में रेकी कर स्कॉर्पियो जैसे वाहनों की चोरी कर बिहार के शराब माफियाओं को अवैध शराब तस्करी हेतु बेचते हैं। गिरोह द्वारा पूर्व में हजारीबाग, रामगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से कई स्कॉर्पियो वाहनों की चोरी कर बिक्री किए जाने की बात स्वीकार की गई है। अभियुक्तों की निशानदेही एवं स्वीकारोक्ति के आधार पर हजारीबाग जिले के विभिन्न थानों में दर्ज अनेक कांडों का खुलासा हुआ है।
*गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम*
1. अशरफ अली उर्फ यशरब अली उर्फ पप्पू खान उर्फ गुरूजी (रोहतास, बिहार)
2. विवेक कुमार (औरंगाबाद, बिहार)
3. विकास कुमार (हरिहरगंज, पलामू)
4. जितेन्द्र कुमार मेहता उर्फ छोटू (हजारीबाग)
5. मो० जोनी उर्फ सोहान (बिहार शरीफ)
6. शेखराज (रोहतास, बिहार)
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास विभिन्न जिलों एवं राज्यों में वाहन चोरी, एक्साइज एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित पाया गया है।
*जप्त सामग्रियाँ*
1. 01 अदद सफेद रंग का स्कॉर्पियो वाहन (रजि० सं० BR10AN-1191)
2. 05 अदद मोबाइल फोन
इस संबंध में कटकमसांडी (पेलावल ओ०पी०) थाना कांड संख्या 27/26 दिनांक 12.02.2026, धारा 111(2)/11(4)/116(6)/317(2)/3/5 बी०एन०एस० 2023 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु छापामारी जारी है।
*छापामारी दल*
1. श्री अमित आनंद (भा०पु०से०), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, हजारीबाग
2. पु०नि० शाहिद रजा, पेलावल अंचल
3. पु०अ०नि० वेद प्रकाश पाण्डेय, प्रभारी पेलावल ओ०पी०
4. पु०अ०नि० निशांत केरकेट्टा, थाना प्रभारी लोहसिंघना
5. पु०अ०नि० शिवम कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी कटकमसांडी
6. पु०अ०नि० इकबाल हुसैन, थाना प्रभारी दारू
7. पु०अ०नि० राजबल्लभ यादव, बरही थाना
8. पु०अ०नि० चितरंजन कुमार, कटकमदाग थाना
9. तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल
हजारीबाग पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
