नई दिल्ली: – मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान मोंथा कमजोर होकर एक गहरे दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है और बुधवार सुबह तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे तेलंगाना पर केंद्रित हो गया. इसके प्रभाव में 30 और 31 अक्टूबर को तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, विदर्भ, मराठवाड़ा, उप-हिमालयी, पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, सौराष्ट्र और कच्छ में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने का अनुमान है.
पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम,मराठवाड़ा, रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई है. इन स्थानों पर 7-20 सेमी बारिश दर्ज की गई.
मौसम पूर्वानुमान और चेतावनियां
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत
तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, रायलसीमा, माहे, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, यनम, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में कुछ स्थानों पर बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भारी वर्षा होने का अनुमान है. इसी के साथ कई स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
पूर्वी और मध्य भारत
ओडिशा, बिहार के गंगा के मैदानी क्षेत्र, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, पश्चिमी गंगा क्षेत्र, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर 30 और 31 अक्टूबर को सामान्य से भारी बारिश होने के आसार हैं. इसी के साथ कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने का भी अनुमान है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चलने की संभावना है.
पश्चिम भारत
गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा सौराष्ट्र, मराठवाड़ा और कच्छ में आज (बृहस्पतिवार) और कल (शुक्रवार) को कुछ जगहों पर सामान्य से भारी बारिश होने के आसार हैं. इनमें से कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. महाराष्ट्र में बिजली गिरने की भी संभावना है.
पूर्वोत्तर भारत
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में शामिल अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज से लेकर एक नवंबर के बीच बारिश होने का अनुमान है. इनमें से कई जगहों पर गरज के साथ बौछारें और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है. इन क्षेत्रों में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना.
उत्तर-पश्चिम भारत
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में 30 और 31 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है. इसी के साथ तेज हवा और गरज के साथ बौछारें पड़ने का भी अनुमान है.
इन जगहों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है. ये चेतावनी इन जगहों के लिए है. बंगाल की खाड़ी, आंध्र प्रदेश के तट और उसके आसपास, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण आंतरिक ओडिशा और दक्षिण ओडिशा तट और उसके आसपास, उत्तरी तमिलनाडु और उसके आसपास के क्षेत्रों के लिए चेतावनी है. इन जगहों पर 45 से 65 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की संभावना है.
