राँची:-स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के मद्देनजर रांची नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, सुदृढ़ एवं नागरिक अनुकूल बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रांची नगर निगम के स्वच्छता शाखा में कार्यरत कर्मियों हेतु दो दिवसीय प्रशिक्षण-सह-अनुभवात्मक भ्रमण (Learning cum Exposure Visit) का आयोजन किया गया।
> इस भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत रांची नगर निगम की टीम द्वारा दिनांक 19 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) का दौरा किया गया। भ्रमण के दौरान वहां अपनाई जा रही स्वच्छता संबंधी श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (Best Practices), नवाचारों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सफाई व्यवस्था की निगरानी प्रणाली तथा नागरिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रत्यक्ष अध्ययन किया गया।
> इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जमशेदपुर में सफलतापूर्वक लागू स्वच्छता मॉडल एवं नवाचारों को रांची नगर निगम क्षेत्र में लागू कर स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। भ्रमण के दौरान कर्मियों को व्यवहारिक ज्ञान एवं अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे वे अपने कार्यों को और अधिक दक्षता एवं गुणवत्ता के साथ निष्पादित कर सकेंगे।
> रांची नगर निगम का यह प्रयास शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रशिक्षण-सह-अनुभवात्मक भ्रमण से प्राप्त सीख एवं अनुभव को आगामी समय में नगर निगम की कार्यप्रणाली में लागू किया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर, स्वच्छ एवं सतत स्वच्छता सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
