मून डिस्को बार कांड: कुचलकर हत्या मामले में मुख्य आरोपी धराए

The Ranchi News
3 Min Read

 राँची :-दिनांक 04 जनवरी 2026 की रात करीब 12 बजे लालपुर चौक के समीप स्थित मून डिस्को बार में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एक पक्ष के साथ गई एक युवती का हाथ दूसरे युवक द्वारा पकड़ लिया गया। युवक की पहचान को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।

इसी दौरान आरोप है कि युवती के साथ मौजूद पक्ष के लोगों ने जान से मारने की नीयत से चार पहिया वाहन से दूसरे पक्ष के लोगों को कुचलने का प्रयास किया। इस घटना में अंकित कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रिम्स,  राँची ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक अंकित कुमार सिंह के शव को उनके दोस्तों द्वारा गढ़वा ले जाया गया, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद गढ़वा थाना में Zero FIR दर्ज की गई। इसके आधार पर लालपुर थाना कांड संख्या 05/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक,  राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त रमनदीप सिंह उर्फ रोमी (23 वर्ष), निवासी लेस्लीगंज, पलामू तथा रौशन प्रसाद (22 वर्ष), निवासी बड़गड़, गढ़वा को रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड सुंडिल से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त Swift Dzire कार (पंजीयन संख्या JH01GD-2216) बरामद की गई।

अनुसंधान के क्रम में रौशन प्रसाद की महिला साथी, अप्राथमिकी अभियुक्त दिव्या भारती (19 वर्ष), वर्तमान में सरस्वती गर्ल्स हॉस्टल, लालपुर, राँची में रह रही थी, को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अन्य अभियुक्तों एवं 4-5 अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

बरामद सामान:

  1. Swift Dzire वाहन (JH01GD-2216)
  2. Realme Narzo मोबाइल फोन – 01
  3. Vivo मोबाइल फोन – 01

पुलिस कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर सहित लालपुर थाना के कई अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *