राँची:-कांके प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को अंचल अधिकारी अमित भगत की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान राजस्व एवं प्रमाण-पत्र से जुड़े कुल 219 मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया। जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया।
निपटाए गए मामलों में दाखिल-खारिज के 48 आवेदन, लगान रसीद निर्गत करने से जुड़े 14 मामले, आवासीय प्रमाण-पत्र के 50, जाति प्रमाण-पत्र के 49, आय प्रमाण-पत्र के सात आवेदन शामिल थे। इसके अलावा पंजी टू में सुधार के 32, पारिवारिक सदस्यता से जुड़े पांच, एलआरडीसी मॉडल के तहत चार मामले तथा अनुमति वाद से संबंधित 10 आवेदन भी निष्पादित किए गए।
जनता दरबार के दौरान एक गरीब आदिवासी किसान का मामला भी सामने आया, जो अपनी सात एकड़ जमीन को पंजी टू में दर्ज कराने के लिए दलालों के चक्कर में फंस गया था। जानकारी मिलते ही अंचल अधिकारी ने तत्काल हस्तक्षेप कर किसान की समस्या का समाधान कराया।
इस अवसर पर सीओ अमित भगत ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के कार्य के लिए दलालों के बहकावे में न आएं और सीधे अंचल कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनता दरबार इसी दिशा में एक प्रभावी माध्यम है।
