रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री के निदेशानुसार रांची जिले के सभी अंचलों में जनता दरबार का व्यापक आयोजन

The Ranchi News
4 Min Read

रांची: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार आज दिनांक 02.12.2025 को जिले के सभी अंचलों में जनता दरबार का व्यापक आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों की समस्याओं एवं आवेदनों का मौके पर ही निपटारा किया गया।

विभिन्न अंचलों में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से जिलेवासियों को प्रमाण पत्र, राजस्व से संबंधित कार्य, पंजी-2 सुधार, सामाजिक सुरक्षा, मुआवज़ा, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र, केसीसी सहित अन्य आवश्यक सेवाएं त्वरित और सुगम रूप से उपलब्ध कराया गया। जिले के विभिन्न अंचलों में अधिकारियों द्वारा आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए तत्परता के साथ उनके निष्पादन की दिशा में कदम उठाये गये।

*अंचलवार कार्यों का विस्तृत विवरण*

*सोनाहातू* अंचल में जनता दरबार के दौरान दिनेश कुमार महतो को आचरण प्रमाण पत्र निर्गत किया गया। मुटुक देवी को पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इन सेवाओं के माध्यम से आवेदकों को विभिन्न योजनाओं और व्यक्तिगत आवश्यकता से जुड़े सरकारी कार्यों में त्वरित लाभ प्राप्त हुआ।

*अनगड़ा* अंचल में जनता दरबार अत्यंत उपयोगी रहा, जहाँ कई लंबित राजस्व मामलों का निपटारा किया गया। चमरु महतो, ग्राम चिलदाग द्वारा पंजी-2 में सुधार हेतु दिए गए आवेदन का निष्पादन किया गया। भू-अर्जन से संबंधित जीतराम भोगता, ग्राम हुण्डुरू के मामले में मुआवजा राशि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तथा उनके पंजी-2 में भी सुधार किया गया। महाबीर भोगता, मो. जिबरील एवं महताब आलम के पंजी-2 में सुधार कार्य निष्पादित किए गए। ग्राम गेतलसुद के कृष्णा कुमार साहू, तथा ग्राम मुनगाडीह के सोमरा उरांव और नरसिंह उरांव को लगान रसीद निर्गत की गई। यह सभी कार्य नागरिकों के भूमि संबंधी अधिकारों को सुदृढ़ करने और राजस्व सेवाओं को सरल बनाने की दिशा में अहम साबित हुए।

*माण्डर* अंचल में कालीचरण महतो को शुद्धि पत्र जारी किया गया। कैम्बो मौजा के बहादुर सिंह को लगान रसीद प्रदान की गई। इन कार्यों से संबंधित परिवारों को स्वामित्व एवं जमीन से जुड़े दस्तावेजों की औपचारिकता पूरी करने में बड़ी सुविधा मिली।

*ईटकी* अंचल में आयोजित जनता दरबार भी प्रभावी रहा। यहाँ आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र, केसीसी प्रमाण पत्र, पंजी-2 सुधार, सामाजिक सुरक्षा, एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कुल 71 मामलों का समाधान किया गया।

*राहे* अंचल में आय, जाति, स्थानीयता, पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र तथा राजस्व संबंधी विभिन्न मामलों सहित कुल 88 आवेदनों का निष्पादन किया गया। यहां अधिकारियों/कर्मचारियों ने सभी आवेदनों की तुरंत समीक्षा कर संबंधित प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया पूरी की।

*बेड़ो* अंचल में भी अच्छी संख्या में आवेदकों की उपस्थित दर्ज की गई, जहाँ कुल 144 मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया। ये मामले मुख्यतः राजस्व, प्रमाण पत्र निर्गमन, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन से संबंधित थे। इसके साथ अन्य अंचलों में भी कई मामलों का निष्पादन किया गया।

*जनता दरबार, पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन की दिशा में एक प्रभावी कदम*

जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर, तत्काल निर्णय लेते हुए सेवा का अधिकार को मजबूत कर रहा है। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य जनता को सुविधाओं के लिए भटकने से बचाना तथा सरकारी सेवाओं को जन-जन तक तत्परता के साथ पहुँचाना है। उन्होंने प्रत्येक मंगलवार जनता दरबार का नियमित आयोजन कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश को दोहराया।

=======================

*★ अबुआ साथी-9430328080★*

*जन शिकायत हेतु रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर*

*★ बाल विवाह मुक्त रांची, हम सब की जिम्मेदारी*

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *