रांची :- 15 सितम्बर – झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने विज्ञापन संख्या-01/2022 के अंतर्गत आयोजित दंत चिकित्सक सीधी नियुक्ति (लिखित) परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। यह परीक्षा 21 मई 2025 को आयोजित की गई थी।
आयोग ने जानकारी दी है कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन 24 सितम्बर 2025 को तथा साक्षात्कार 25 सितम्बर 2025 को सुबह 10 बजे से आयोग कार्यालय, सर्कुलर रोड, रांची में आयोजित होगा।
महत्वपूर्ण बात यह है कि अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र (ई-कॉल लेटर) डाक द्वारा नहीं भेजा जाएगा। सफल उम्मीदवार 18 सितम्बर 2025 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर अपना पंजीकरण संख्या एवं जन्म तिथि दर्ज कर कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। यदि कॉल लेटर डाउनलोड करने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो अभ्यर्थी कार्यदिवसों में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोग के हेल्पलाइन नंबर +919431301419 तथा +919431301636 पर संपर्क कर सकते हैं।
जेपीएससी ने बताया कि अभिलेख सत्यापन से संबंधित आवश्यक निर्देश आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। साथ ही, प्रकाशित परिणाम में किसी त्रुटि की स्थिति में सुधार का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।
