सामाजिक कुरीति निवारण एवं महिला सशक्तीकरण हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

The Ranchi News
3 Min Read

रांची:आज दिनांक 15 सितंबर 2025 को बुंडू अनुमंडल कार्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी, श्री किस्टो बेसरा की अध्यक्षता में सामाजिक कुरीति निवारण एवं महिला सशक्तीकरण पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मुखिया, पंचायत समिति के सदस्य, वार्ड सदस्य, प्रखंड प्रमुख, आंगनबाड़ी सेविकाएँ, किशोरी बालिकाएँ सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

*सामाजिक कुरीतियों जैसे डायन प्रथा, बाल विवाह, लिंगानुपात में असंतुलन आदि के उन्मूलन हेतु विस्तृत जानकारी दी गई*

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, श्री संजय भगत ने सामाजिक कुरीतियों जैसे डायन प्रथा, बाल विवाह, लिंगानुपात में असंतुलन आदि के उन्मूलन हेतु विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं, जैसे *मुख्यमंत्री कन्यादान योजना*, *विधवा पुनर्विवाह योजना*,*सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, *बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ,*वन स्टॉप सेंटर*, *महिला हेल्पलाइन शक्ति सदन*, *प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना*, *PCPNDT एक्ट* तथा पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं के बारे में उपस्थित प्रतिभागियों को विस्तार से बताया। इन योजनाओं के उद्देश्य और लाभों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने समाज में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

*पौधरोपण और प्रचार रथ का शुभारंभ*

कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” योजना के तहत अनुमंडल कार्यालय परिसर में पाँच किशोरी बालिकाओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों द्वारा पौधरोपण किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था। इसके अतिरिक्त, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता को ग्रामीण स्तर तक पहुँचाने के लिए एक प्रचार रथ को अनुमंडल पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

*बाल विकास परियोजना पर प्रस्तुति*

बुंडू अनुमंडल के अंतर्गत संचालित *बाल विकास परियोजना* की उपलब्धियों को एक PPT प्रस्तुति के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी, श्री किस्टो बेसरा ने प्रस्तुति का अवलोकन कर परियोजना में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

*सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और महिला सशक्तीकरण के लिए संयुक्त प्रयासों पर बल*

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी राँची, प्रखंड प्रमुख बुंडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बुंडू, और अंचल अधिकारी बुंडू का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी ने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और महिला सशक्तीकरण के लिए संयुक्त प्रयासों पर बल दिया।

यह जागरूकता कार्यक्रम सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और महिलाओं के सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रकार के आयोजनों को ग्रामीण स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर जिला कल्याण एवं जिला समाज कल्याण विभाग ने संकल्प लिया है। प्रचार रथ के माध्यम से जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *