रांची: जन समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस भवन में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने लोगों की समस्याओं को सुना तथा मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान हेतु निर्देश दिया।
उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि जनता दरबार प्रारंभ होने के पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के जन्मदिवस के अवसर पर डॉक्टर इरफान अंसारी सहित नेताओं कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनके लंबे आयु की कामना की।
जनता दरबार में बारी-बारी से क्रमवार डा.इरफान अंसारी के समक्ष कुल 123 लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा जिस पर उन्होंने तत्काल पहल करते हुए अधिकारियों से समाधान का रास्ता निकालने को कहा।
जनता दरबार में आए कुल मामलों में सिल्ली में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न एनजीओ को दिए गए एम्बुलेंस, राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश द्वारा गंज परिवार को दिए गए कार्डियक एम्बुलेंस के संचालित नहीं होने को लेकर मामला आया, इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र निर्माण संबंधित,आपूर्ति विभाग, इलाज , थाना,आपदा प्रबंधन, राशन कार्ड, स्थानांतरण,जमीन संबंधी मामलों के अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं मंत्री के समक्ष लोगों ने रखा, कई मामलों में डॉक्टर इरफान अंसारी द्वारा अधिकारियों को सीधे निर्देश दिया गया तथा कई समस्याओं के समाधान हेतु प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया एवं कार्य की प्रगति से अवगत कराने का भी निर्देश दिया। जनता दरबार में रांची गुमला धनबाद पलामू चतरा गिरिडीह हजारीबाग खूंटी सहित विभिन्न जिलों के लोगों ने अपनी समस्याओं को रखा।
जनता दरबार के बाद उपस्थित संवाददाताओं से डॉक्टर इरफान अंसारी ने कहा कि सैकड़ो की संख्या में शिकायतें समस्याएं आई है,जायज समस्याओं का भी समाधान अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा समय पर नहीं किया जा रहा है। आम लोगों की समस्याओं को अधिकारियों को समझना होगा,जब तक अधिकारी कर्मचारी अपने कार्यों का स्वमूल्यांकन नहीं करेंगे तब तक जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं समझ पाएंगे। लोग जिस उम्मीद से कांग्रेस के पास आते हैं वह खाली हाथ नहीं जाते। प्रदेश प्रभारी श्री के राजू और अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मुझे जो जवाबदेही दी है उसे पूरा करना है, लोगों की समस्या का समाधान हो यह हमारी प्राथमिकता है।जनता दरबार लगाना एक अच्छी पहल है और यह परंपरा चलनी चाहिए, मेरे विभाग के अलावा कई अन्य विभागों के मामले आए इसके समाधान के लिए अधिकारियों से बात की गई,अगर किसी काम को करने का ठान लिया जाए तो काम जरूर होगा। सारे मंत्री जनता दरबार लगा रहे हैं और इसका प्रतिफल लोगों को मिल रहा है सरकार लोगों के प्रति गंभीर है हर व्यक्ति को उसका अधिकार मिलना चाहिए, सरकार से जो आशाएं हैं वह पूरी होनी चाहिए हम इसी दिशा में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार में जमीन,मईया सम्मान योजना, जन वितरण प्रणाली,बिजली बिल सुधार 50 बेड के अस्पताल निर्माण आपदा प्रबंधन एवं कल्याण विभाग, नगर विकास,स्वास्थ्य खाद्य आपूर्ति सहित कई विभागों से संबंधित समस्याएं आयी है, मेरा प्रयास है की समस्याओं का निराकरण हो।जनता दरबार से जनता के साथ-साथ संगठन को भी फायदा मिल रहा है।
भाजपा ने पूरे सिस्टम को बर्बाद कर दिया है,कुचल दिया है लेकिन राज्य के प्रति हमारी संवेदना है झारखंड राज्य के लिए भाजपा का कोई योगदान नहीं है।राज्य के लोगों का विकास होगा,निचले स्तर के अधिकारियों जनता को जनता के प्रति नरम रुख रखना होगा।
जनता दरबार में प्रदीप तुलस्यान, गुंजन सिंह, निरंजन पासवान, राजन वर्मा, शशि भूषण राय ,नरेंद्र लाल गोपी, राजीव चौधरी चिंटू भी उपस्थित थे।