राँची :- चैम्बर अध्यक्ष परेश गट्टानी के नेतृत्व में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने वियतनाम में भारतीय दूतावास में भारत के राजदूत श्री संदीप आर्य से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर भारतीय राजदूत श्री आर्य ने वियतनाम के सामाजिक, आर्थिक एवं व्यापारिक परिदृश्य की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पेशल इकोनॉमिक जोनों में प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना करते हुए बताया कि वियतनाम में व्यापार स्थापित करना सरल और सुविधाजनक है। भारतीय राजदूत ने वियतनाम के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और देश के एकीकरण की पृष्ठभूमि की जानकारी साझा करते हुए वर्तमान राजनीतिक एवं कारोबारी स्थिरता को भारत के निवेशकों के लिए एक सुनहरा अवसर बताया। उन्होंने झारखंड के उद्यमियों को वियतनाम में व्यापारिक विस्तार, साझेदारी तथा निर्यात के लिए प्रोत्साहित किया।
वार्ता के क्रम में उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों का उल्लेख किया जिनमें झारखंड के व्यापारी व उद्यमी वियतनाम के साथ मिलकर कार्य कर सकते हैं, जैसे खनिज आधारित उद्योग, कृषि प्रसंस्करण, हैंडीक्राफ्ट, फार्मास्युटिकल्स और शिक्षा सेवाएं। राजदूत ने झारखण्ड से उद्यमी-व्यापारी जगत के प्रतिनिधिमंडल के वियतनाम में आने पर प्रसन्नता जताई और कहा कि वे हमेशा चाहते हैं कि भारत और वियतनाम के मध्य व्यापार की वृद्धि हो। बैठक का समापन राजदूत महोदय के सम्मान में सम्मान समारोह एवं भारतीय राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ हुआ।
चैम्बर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने वियतनाम में भारतीय राजदूत के साथ संपन्न हुई बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे झारखण्ड प्रदेश के विकास के लिए सहायक बताया। चैम्बर महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि वियतनाम में उपलब्ध व्यापार अवसरों की जानकारी और राजदूत महोदय द्वारा प्रदान किया गया मार्गदर्शन निश्चित रूप से झारखंड के उद्यमियों के लिए नई राहें खोलेगा। झारखण्ड चैम्बर का वियतनाम दौरा राज्य के उद्योग और व्यापार क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर जोड़ने की दिशा में सहायक साबित होगा।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, शैलेष अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, रंजीत गाडोदिया, सदस्य निरंजन शर्मा, कमल सिंघानिया, अरूण भरतीया, मनोज मिश्रा, चंद्रप्रकाश ढेलिया, राजीव अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास मोदी, विशाल वधवानी, ग्यारसीलाल गोयल, सुमित कक्कड और सुभाष राजगढिया के अलावा राजदूतावास के अधिकारीगण उपस्थित थे। उक्त जानकारी प्रवक्ता सुनिल सरावगी ने दी।