रांची: नशे के खिलाफ जारी प्रशासनिक मुहिम के तहत आज गुरुनानक +2 हायर सेकेंडरी स्कूल, रांची में एक विशेष नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली द्वारा किया गया, जिनके साथ कोतवाली थाना प्रभारी और हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, जो युवा पीढ़ी को सबसे अधिक प्रभावित कर रही है। इसे रोकने के लिए परिवार, स्कूल और समाज को एकजुट होकर काम करना होगा।
पुलिस उपाधीक्षक ने छात्रों से कहा,
“नशे से न सिर्फ शरीर को नुकसान होता है, बल्कि यह भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है। आप सभी देश के भविष्य हैं, और आपको खुद को नशे से दूर रखते हुए दूसरों को भी जागरूक करना होगा।”
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी सवाल पूछे और पोस्टर के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए। पुलिस ने बच्चों से अपील की कि वे नशा करने वालों की जानकारी अपने अभिभावकों या नजदीकी पुलिस स्टेशन को अवश्य दें।
विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है।