राँची:- ‘‘थैंक यू डीसी सर, मेरी जमीन का म्यूटेशन हो गया, भू-माफियाओं द्वारा जमीन हड़पने का मंसूबा नाकाम हो गया… आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।‘‘ ये शब्द रामेश्वर कुमार यादव के हैं, जिनकी समस्या का समाधान जनता दरबार के माध्यम से हुआ और आज उन्होंने उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री को धन्यवाद दिया। दरअसल रामेश्वर कुमार यादव ने शहर अंचल के करमटोली में जमीन खरीदी थी, साल 2020 से ही वो म्यूटेशन के लिए प्रयासरत थे, इस बीच भू-माफियाओं द्वारा फर्जी डीड बनाकर दूसरे व्यक्ति को जमीन बेचने का प्रयास किया जा रहा था। जनता दरबार में अपनी समस्या लेकर आने के बाद उपायुक्त द्वारा संबंधित अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया जिसके बाद आवेदक की समस्या का समाधान हुआ।
*कांके अंचल में मिलीभगत कर जमीन हड़पने का प्रयास*
जनता दरबार में एक बार फिर से कांके अंचल में मिलीभगत कर जमीन हड़पने के प्रयास का मामला सामने आया। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा फौरन मामले की जांच कर नियमसंगत कार्रवाई का आदेश जारी किया गया। आवेदक द्वारा अंचल के मौजा मदनपुर में मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज के आधार पर म्यूटेशन कर जमीन हड़पने का प्रयास, मानसिक प्रताड़ना और पूरे परिवार को भयभीत करने से संबंधित शिकायत आवेदन के माध्यम से किया गया था। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा एएसओ को पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया गया है।
*शहर अंचल के कर्मचारी को शो-कॉज, प्रपत्र- ‘क’ गठित करने का निर्देश*
रंजीत मोहन ने 31 मार्च 2025 को म्यूटेशन के लिए आवेदन दिया था, निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी दाखिल-खारिज हेतु अग्रेतर कार्रवाई नहीं होने पर वो जनता दरबार पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री को बताया कि कर्मचारी द्वारा फाइल आगे न बढ़ाकर टाल-मटोल का रवैया अपनाया जा रहा है। उपायुक्त द्वारा फौरन कर्मचारी को शो-कॉज करने और एक सप्ताह में म्यूटेशन हेतु अग्रेतर कार्रवाई नहीं करने पर प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश दिया गया।
*इसी महीने बेटी की शादी, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ दिलाने का निर्देश*
रामवृक्ष उरांव की बेटी की शादी इसी महीने है, वो अर्थिक सहायता के संबंध में जनता दरबार में फरियाद लेकर आये थे। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को फोन पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
*जनता दरबार पदाधिकारियों को बुलाकर ली अद्यतन जानकारी*
जनता दरबार में सड़क दुर्घटना में मृतक के पिता प्राकृतिक आपदा के तहत मुआवजा भुगतान हेतु आवेदन लेकर पहुंचे थे। पूरे मामले और दस्तावेज की जानकारी लेते हुए उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला परिवहन पदाधिकारी को जनता दरबार में बुलाकर मुआवजा भुगतान हेतु अग्रेतर कार्रवाई हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। ग्राम प्रधान संघ, अनगड़ा के सदस्यों द्वारा ग्राम प्रधान के विभिन्न समस्याओं के संबंध में आवेदन दिया गया। इनमें ग्राम प्रधानों को विगत एक वर्ष से राशि भुगतान न होने के मामले से उपायुक्त को अवगत कराया गया। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कोषागार पदाधिकारी को जनता दरबार में बुलाकर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली, टीओ द्वारा बताया गया कि आईएफएससी कोड गलत होने के कारण भुगतान नहीं हो पा रहा था, उन्होंने सुधार कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
*जनता दरबार में नशे के खिलाफ लोगों का जागरुक करते रहे उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री*
जनता दरबार में लोगों की समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के बाद उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री लोगांे को नशे के खिलाफ जागरुक करते रहे। उन्होंने कहा कि अपने आस पास नशा का कारोबार न होने दें, मादक पदार्थो की खरीद-बिक्री होने की जानकारी अबुआ साथी पर दें। महिला आवेदकों से उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने मंईयां सम्मान योजना मिलने की भी जानकारी ली।
*लगातार जनता दरबार में आनेवाले लोगों की बढ़ रही है संख्या*
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की जनता दरबार में अपनी समस्या लेकर आनेवाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आज दिनांक 16.06.2025 को आयोजित जनता दरबार में जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों की संख्या काफी ज्यादा रही। जनता दरबार में राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, भूमि पर अवैध कब्जा एवं बिक्री आदि से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को अग्रसारित करते हुए अविलंब जांच कर समाधान करने के निर्देश दिये गये।