षष्ठ्म विधान सभा के पंचम (बजट) सत्र-2026 में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) परियोजना के तहत प्रशिक्षण एवं टैबलेट वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन।

The Ranchi News
4 Min Read

संवाददाता: रेखा प्रजापति

रांची: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन आज झारखंड विधान सभा में आयोजित षष्ठ्म विधान सभा के पंचम (बजट) सत्र-2026 में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) परियोजना के तहत प्रशिक्षण एवं टैबलेट वितरण कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री ने झारखंड विधान सभा में एनईवीए (NeVa) सेवा केंद्र का विधिवत् उद्घाटन किया। माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड विधान सभा में NeVA सेवा केंद्र के रूप में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। आज NeVA सेवा केंद्र का यहां विधिवत उद्घाटन हुआ है। राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन के माध्यम से कई चीजें आसान होगी। इस एप्लीकेशन के माध्यम से विधान सभा के माननीय सदस्यगण विधायी कार्यों को सरलता और समयबद्ध तरीके से संपन्न कर सकेंगे। माननीय सदस्यगणों को अब विधान सभा सत्र के दौरान देर रात में यहां पहुंचकर प्रश्नों को डालने सहित अन्य कागजी प्रक्रियाओं के लिए आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही साथ विधान सभा कर्मियों को भी ड्यूटी में सहूलियत होगी।

*एप्लीकेशन के माध्यम से कई कार्य होंगे संपन्न*

माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि देश में लगभग 20 राज्यों के विधान सभा में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) के माध्यम से डिजिटल एवं पेपरलेस तरीके से विधायी कार्यों को सम्पन्न करने की शुरुआत हो चुकी है। माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि आज झारखंड विधान सभा में माननीय सदस्यों को इस एप्लीकेशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी से अवगत कराया जा रहा है तथा उन्हें टैबलेट भी प्रदान किया जा रहा ताकि कार्यों का संपादन डिजिटल रूप से सरलता पूर्वक किया जा सके। आगामी विधान सभा सत्र में भी इस एप्लीकेशन के माध्यम से कई कार्य संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन के माध्यम से लोग बैंकिंग सहित कई ऑफिशियल कार्य भी आसानी से संपन्न करते हैं।

*बेहतर समन्वय के लिए डिजिटाइजेशन जरूरी*

माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष हो चुके हैं, धीरे-धीरे ही सही पर झारखंड अब बेहतर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। माननीय अध्यक्ष, झारखंड विधान सभा के प्रयास से विधान सभा में सभी कार्य डिजिटल यानी कि पेपरलेस की ओर अग्रसर हो रहा है। माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि अब डिजिटल माध्यम से बेहतर कम्युनिकेशन बनेगा जिससे माननीय सदस्यों को काफी सुविधा होगी। पहले समन्वय के अभाव से कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन के उपयोग से अब कागजों के बंडलों की ढ़ेर में भी कमी आएगी तथा कार्यों में रफ्तार भी देखने को मिलेगा।

माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि किसी भी डिजिटल एप्लीकेशन का उपयोग करने से पहले कुछ चुनौतियां भी रहती हैं उन चुनौतियों के संदर्भ में आज यहां माननीय सदस्यों के लिए प्रशिक्षण सत्र भी रखा गया है। वर्तमान समय में साइबर अपराध एक चुनौती है। माननीय सदस्यों के किसी भी प्रश्नों में कोई हेर-फेर न हो, कागजी प्रक्रिया में कोई बाधा न हो इस निमित्त NeVA सिक्योरिटी से संबंधित सारी जानकारी से अवगत रहने की जरूरत है ताकि इन सब चीजों से बचा जा सके।

मौके पर माननीय अध्यक्ष झारखंड विधान सभा श्री रबीन्द्र नाथ महतो एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के द्वारा सभी माननीय मंत्रीगण एवं माननीय विधायकगणों को टैबलेट प्रदान किया गया।

*इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष झारखंड विधानसभा श्री रबीन्द्र नाथ महतो, सभी माननीय मंत्रीगण, माननीय विधायकगण सहित अधिकारीगण एवं विधानसभा कर्मीगण उपस्थित रहे।*

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *