रांची: रांची नगर निगम द्वारा आज ‘करदाता गौरव सम्मान समारोह 2025 का आयोजन नगर निगम सभागार में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस समारोह का उद्देश्य उन जागरूक करदाताओं को सम्मानित करना था, जिन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सर्वप्रथम अपना होल्डिंग टैक्स ऑनलाइन माध्यम से जमा कर नगर निगम के राजस्व में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया तथा अन्य नागरिकों के लिए एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।
> 71 करदाताओं को प्रशस्ति पत्र व पौधा प्रदान
समारोह की अध्यक्षता नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने की। उन्होंने अपने कर-कर्मठ नागरिकों को मंच से सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र और पौधा प्रदान किए। इस अवसर पर 71 चयनित करदाताओं में रांची के भवन मालिक, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, संस्थान इत्यादि शामिल थे।
> प्रशासक का संबोधनः जिम्मेदारी और जागरूकता की मिसाल
प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम आपके योगदान को नमन करता है। आपकी समय पर कर भुगतान की संस्कृति ही शहर के विकास कार्यों को गति देती है। आपके योगदान से न केवल सड़कों का सुदृढीकरण, साफ-सफाई, जलापूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएँ सशक्त होती है, बल्कि नगर निगम को भविष्य की परियोजनाओं की योजना बनाने में भी मदद मिलती है। हम चाहते हैं कि आने वाले वर्षों में कर संग्रहण की यह दर और बेहतर हो एवं ज्यादा से ज्यादा नागरिक कर भुगतान में तत्परता दिखाएँ।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम अब डिजिटल माध्यम से कर संग्रहण कर रहा है और भविष्य में उसे और सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में कार्य किये जा रहे हैं, जिससे नागरिक घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा कर सकें और रसीद प्राप्त कर सकें।
> अपर प्रशासक संजय कुमार का धन्यवाद ज्ञापन
अपर प्रशासक संजय कुमार ने सम्मानित करदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपके द्वारा जमा की गई राशि शहर के विकास में सीधा निवेश हैं। यह राशि शहर की सफाई व्यवस्था, नगर बस सेवा, शहर में फौगिंग, पथ बत्ती की मरम्मति, कचरा प्रबंधन, सड़क मरम्मत, नालों की सफाई, पार्कों के रख-रखाव एवं नये विकासात्मक कार्यों में लगाया जाता है। आपकी जागरूकता से ही रांची प्रगति की ओर बढ़ रहा है।
> व्यापारिक संघ की सराहना, नागरिकों का संकल्प
फेडरेशन ऑफ कॉमर्स के संयुक्त सचिव श्री नवजोत अलंग ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासक राँची नगर निगम के द्वारा इस अनूठे पहल की शुरूआत की गई है, जो स्वागत योग्य है। समय पर टैक्स पेमेंट के लिए ऐसे सम्मान समारोह निश्चित रूप से करदाताओं में जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करते हैं तथा अन्य लोग भी इससे प्रभावित होंगे। हमें गर्व है कि हमारे व्यापारी और नागरिक वर्ग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। भविष्य में भी यह कार्यक्रम और व्यापक स्तर पर आयोजित हों, यही अपेक्षा है।
➤ सम्मानित करदाताओं में से कई ने मंच से अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि समय पर टैक्स देना न केवल अपनी जिम्मेदारी है बल्कि नैतिक दायित्व भी है। यह हमारे शहर के विकास में सीधी भागीदारी है। हम आगे भी समय पर टैक्स चुकाते रहेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे।
➤ वर्ष 2024-25 में रिकॉर्ड संग्रह
राजस्व शाखा के उप प्रशासक ने बताया कि बीते वित्तीय वर्ष में होल्डिंग टैक्स संग्रह में पिछले वर्षों की तुलना में 18% की वृद्धि हुई है, जिसका श्रेय जागरूक नागरिकों को जाता है।
> आगे की योजना
नगर निगम ने करदाताओं के लिए स्मार्ट राँची मॉबाइल ऐप पर पेमेंट करने की सुविधा उपलब्ध कराई है इसके अलावा विभिन्न वार्डों में साप्ताहिक शिविर का आयोजन किया जा रहा है जहाँ पर नागरिक अपने क्षेत्र में ही आकर अपने कर का भुगतान कर सकते है।
> उपस्थिति
इस अवसर पर उप प्रशासक श्री गौतम प्रसाद साहू सभी सहायक प्रशासक, राजस्व शाखा के अधिकारी, मेसर्स श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स के प्रतिनिधि, नगर निगम टैक्स संग्रहण एजेंसी के कर्मी, और सम्मानित करदाता नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
> निगम की अपील
रांची नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर कर जमा कराकर अपने शहर को सुंदर, साफ-सुथरा और विकसित बनाने में अपनी महत्त्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।